Rajasthan
Trending

बीकानेरी मूंगफली की धमक विदेशों में भी

बीकानेर की मूंगफली अपने यहां तो बड़ी मात्रा में बिकती है। मंडी में आवक होने के साथ ही बाजार में दुकानों और गाड़ों पर बिकने के लिए आ जाती है। यहां की मूंगफली का स्वाद लेने में विदेशी भी पीछे नहीं रहते हैं। यहीं वजह है कि सीजन शुरू होते ही विदेशों से मूंगफली गोटों की मांग शुरू हो जाती है। भाव चाहे कितने ही आसमान चढ़ जाएं, लेकिन लोग यहां की मूंगफली का स्वाद लेना नहीं भूलते हैं। चीन में तो स्थिति यह होती है कि लॉकडाउन के दौरान भी निर्यातकों ने यहां से मूंगफली भेजी थी। मूंगफली गोटों के अलावा इससे बनने वाले तेल की भी बाहर भारी मांग है।

अभी तक एक लाख टन का निर्यात
सीजन शुरू होने के बाद विदेशों में अभीब तक करीब एक लाख टन मूंगफली गोटों का निर्यात राजस्थान से हो चुका है। जबकि गत सीजन में इससे 25 प्रतिशत कम निर्यात हुआ था। इसकी वजह यह मानी जा रही है कि राजस्थान की विशेषकर बीकानेरी मूंगफली के गोटों में तेल की मात्रा अधिक होती है। साथ ही पौष्टिक भी होते हैं।

इन देशों में होता है निर्यात
मूंगफली के गोटों का निर्यात चीन, इंडोनेशिया,ताइवान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, थाइलैंड के अलावा यूरोपियन देशों में काफी अधिक मात्रा में होता है।

खाने के साथ तेल का भी उपयोग
विदेशी मूंगफली खाने के अलावा इसे तेल के रूप में भी उपयोग में लेते हैं। चीन में मूंगफली तेल का भी निर्यात होता है। अभी तक करीब दस हजार टन मूंगफली तेल का भी निर्यात हो चुका है।

बांग्लादेश व पाकिस्तान में दो सौ गाड़ी का निर्यात
इस समय पड़ोसी देश पाकिस्तान और बांग्लादेश में करीब दो सौ ट्रक मूंगफली का निर्यात हो चुका है। इन देशों के लोग मूंगफली खाने में ही अधिक उपयोग करते हैं।

चीन में मूंगफली की फसल कमजोर
गत चार पांच साल से चीन में मूंगफली की फसल कमजोर हो रही है। निर्यातकों का मानना है कि सुनामी के बाद से ही वहां की जमीन में लवणीय मात्रा अधिक होने के कारण फसल कमजोर हो रही है। इस वजह से वहां के व्यापारी हिंदुस्तान से मूंगफली का व्यापार करते हैं।

बतख का भी प्रिय भोजन
मूंगफली के दाने बतखों का भी प्रिय भोजन हैं। यूरोपीय देशों में इंसान तो मूंगफली का स्वाद लेता ही है। उन देशों में बतख पालक भी बतखों को मूंगफली के दाने डालते हैं, ताकि उनमें गर्मी कायम रहे।

पौष्टिक और गुणकारी
राजस्थान की विशेषकर बीकानेरी मूंगफली पौष्टिक और गुणकारी अधिक है। साथ ही इसमें तेल की मात्रा भी अधिक होती है। यही कारण है कि यहां से बड़ी मात्रा में मूंगफली का निर्यात होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button