uttar pradesh

बिना लाइसेंस फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट: 5 महिलाओं की दर्दनाक मौत, चीख-पुकार से गूंजा गांव… 300 मीटर तक बिखरा मलबा

उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले के एक गांव में सोमवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की बिल्डिंग और टीन की छत पूरी तरह से टूटकर मलबे में बदल गई। इस हादसे में 5 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

300 मीटर तक उड़ गया मलबा, गांव में मची दहशत
यह धमाका इतना भयानक था कि उसका मलबा करीब 300 मीटर तक फैल गया। धमाके के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी ही देर में जिला अधिकारी, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

बिना लाइसेंस चल रही थी पटाखा फैक्ट्री
जांच में पता चला है कि यह फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा इंतजाम के चलाई जा रही थी। यानि प्रशासन की बिना इजाजत के यहां पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। फैक्ट्री को अब सील कर दिया गया है और संचालक की तलाश की जा रही है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस और प्रशासन मिलकर धमाके के कारणों की जांच कर रहे हैं।

कई किलोमीटर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
गांववालों का कहना है कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के गांवों में लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की लापरवाही और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यह फैक्ट्री चल रही थी। गांववालों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
यह पहली बार नहीं है जब अमरोहा में इस तरह की घटना हुई हो। 1 मई को रहरा क्षेत्र के भावली गांव में भी एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था। उस हादसे में एक बच्चा झुलस गया था। उस समय भी यह बात सामने आई थी कि नदी किनारे बने मकान में महिलाओं और बच्चों से पटाखे बनवाए जा रहे थे। ग्रामीणों ने उस वक्त भी अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए थे।

राहत और बचाव कार्य जारी, प्रशासन सतर्क
फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस अधिकारी, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद हैं। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button