राज्य
Trending

बिना अनुमति के नहीं निकाला जा सकेगा कोई भी जुलूसः डीएम

धार्मिक आयोजनों में लाउडस्पीकरों की आवाज होगी कम , सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाए जाएं त्यौहारः एसएसपी

शामली। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द के साथ मनाए जाने के संबंध में डीएम और एसएसपी ने धर्म गुरुओं की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित तीव्रता के तहत रखी जाए, उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बिना अनुमति किसी को भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसएसपी ने भी सभी लोगों से अपील की कि वे त्यौहारों को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं, साथ ही चेतावनी भी दी कि माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार आगामी त्यौहारों को देखते हुए जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव ने कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनपद के धर्म गुरुओं व संभ्रांत लोगों की शांति समिति की बैठक ली। बैठक में समस्त धर्मगुरुओं से चर्चा कर आपसी सहमति के साथ यह निर्णय लिया गया कि त्यौहारों के अंतर्गत धार्मिक आयोजन के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित ध्वनि तीव्रता के अंतर्गत रखी जाएगी। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासन द्वारा परंपरागत जुलूस निकालने हेतु प्रतिबंधों के अधीन रहते हुए अनुमति दी जाएगी, नए एवं परंपरागत जुलूस पूर्व अनुमति से ही निकाले जाएं, परंपरागत जुलूस से इतर किसी भी अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि त्यौहारों को सादगी एवं सौहार्द के साथ मनाया जाना है, जो नई उम्र के युवा हैं उनको भी इन बातों को समझाना है। डीएम ने कोविड-19 की चौथी लहर के चलते सचेत किया कि दिल्ली व गाजियाबाद में कोविड-19 के केस आने शुरू हो गए हैं इसलिए कोविड-19 के जितने भी नियम हैं उनको दोबारा से अपनाना शुरू कर दें। उन्होंने धर्मगुरुओं से कहा कि सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अधिकारी कार्यालय में बैठकर समस्याएं सुनते हैं इस अवधि में जो भी समस्याएं आएगी उसका तत्काल निराकरण कराया जाएगा। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि जितने भी त्यौहार आए हैं उनके सभी लोगों का अपेक्षित सहयोग मिला है, इसलिए आगे भी इसी प्रकार अपनी भूमिका निभाते रहे तथा सौहार्द के बीच त्यौहार मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि त्यौहारों के दौरान माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह, सभी सीओ, थाना प्रभारी व अन्य विभागों अधिकारी, धर्मगुरु आदि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button