बारिश के बाद बिमारी से लोग बेहाल, यूपी में फैल रहे ये इंफेक्शन, जानें लक्षण
सितंबर के दूसरे पखवारे की शुरुआत में हुई झमाझम बारिश ने त्वचा की बीमारियां बढ़ा दी हैं। यूपी के गोरखपुर जिले में फंगल इंफेक्शन फैल गया है। गांव से लेकर शहर तक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।
सितंबर के दूसरे पखवारे की शुरुआत में हुई झमाझम बारिश ने त्वचा की बीमारियां बढ़ा दी हैं। यूपी के गोरखपुर जिले में फंगल इंफेक्शन फैल गया है। गांव से लेकर शहर तक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। लोगों में दाद, खुजली की समस्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज की चर्म रोग विभाग की ओपीडी में सिर्फ अगस्त से सितंबर के बीच फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या 20 फीसदी बढ़ी है। जिला अस्पताल के चर्म रोग विभाग के डॉ. नवीन कुमार वर्मा ने बताया कि इस समय ओपीडी में 60 फीसदी मरीज सिर्फ फंगल इंफेक्शन के ही हैं।

अस्पताल में रोज सवा सौ से डेढ़ सौ मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। बारिश में भीगने से बढ़े मरीज मेडिकल कॉलेज के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार यादव ने कहा कि लोग बारिश में भीगने के बाद गीले कपड़े काफी देर तक पहने रहते हैं। यह लापरवाही त्वचा रोग को दावत देती है। बारिश बाद मौसम में नमी बनी हुई है। इस वजह से भी मामले बढ़ गए हैं।

ये हैं लक्षण
– शरीर में पसीने वाली जगह पर लाल रंग का निशान बनता है
– यह निशान रंग बदलकर हल्के भूरे रंग का हो जाता है
– कुछ दिनों बाद यह गोलाकार में बदल जाता है
– इस निशान में खुजली या जलन होने लगती है
– शरीर में लाल रंग के छोटे दाने व चकत्ते निकल जाते हैं
– शरीर में रैशेज निकल जाते हैं
परिवार के सदस्य भी आ रहे इस बिमारी के चपेट में
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के पूर्व चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि यह संक्रामक बीमारी है। छूने से बढ़ती है। कई ऐसे मरीज आ रहे हैं जिनके परिवार के एक से अधिक सदस्य इसकी चपेट में हैं। ऐसे लोगों को सबसे पहले कपड़े, तौलिया, बिस्तर और साबुन अलग करने की जरूरत है। इससे फंगल संक्रमण के प्रसार को रोका जा सकता है



