uttar pradesh

‘बाबा के UP दोबारा नहीं आऊंगा…’, दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी एनकाउंटर के बाद गिड़गिड़ाया, पैर में लगी गोली

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ एक्शन लिया। शुक्रवार को मामले में शामिल पांचवें आरोपी रामनिवास उर्फ दीपू की गिरफ्तारी हुई। बरेली पुलिस से एनकाउंटर में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, मुठभेड़ के बाद रामनिवास का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें घायल अवस्था में वो गिड़गिड़ाते हुए नजर आ रहा है। वो दर्द में तड़पता हुआ ये भी कह रहा है कि अब दोबारा कभी UP नहीं आएगा।

दिशा पाटनी के घर 12 सितंबर को तड़के 4 बजे के आसपास ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। मामले में एक्शन लेते हुए गाजियाबाद में दो शूटर अरुण और रवींद्र मुठभेड़ में ढेर हो गए थे। इसके अलावा मामले में बीते दिन दो नाबालिग आरोपियों नकुल सिंह और विजय तोमर को पकड़ा गया है।

 

पांचवें आरोपी की हुई गिरफ्तारी

 

शुक्रवार (19 सितंबर) को मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी 19 वर्षीय रामनिवास को बरेली पुलिस ने गिरफ्तार किया। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ बिहारीपुर नदी पुल के पास हुई। आरोपी राजस्थान के ब्यावर जिले के जैतारण थाना क्षेत्र के बेडकला गांव का रहने वाला है। रामनिवास के साथ उसके एक साथी अनिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 

हाथ जोड़ता नजर आया आरोपी

 

पुलिस के साथ एनकाउंटर में रामनिवास के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ के बाद उसका सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो लगड़ाता हुआ दर्द से तड़प रहा है। वो कह रहा है, “दोबारा कभी UP नहीं आएंगे सर, कभी नहीं आएंगे बाबा जी की पुलिस के आगे।”

 

एसएसपी ने क्या बताया? 

 

बरेली के एसएसपी ने बताया कि आरोपी रामनिवास घटना की प्लानिंग, रेकी करने और घटना की साजिश में शामिल था। पुलिस को इसकी अपने साथी के साथ नेपाल भागने की सूचना मिली थी। पुलिस ने इसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायर किया, जिसके बाद जवाबी फायरिंग की गई। इसमें उसके घुटने में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भेजा गया। रामनिवास के पास से एक 32 बोर की पिस्टल, 4 कारतूस और 1 मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

बता दें कि दिशा पाटनी के घर पर दो बार फायरिंग हुई थी। पहली बार 11 सितंबर और दूसरी बार 12 सितंबर को फायरिंग हुईं। 12 सितंबर की सुबह करीब 3 बजकर 45 मिनट पर बाइक सवार दो बदमाशों ने दिशा पाटनी के बरेली वाले घर पर करीब 9 राउंड फायरिंग की थी। हमले के बाद गैंग की ओर से इसकी जिम्मेदारी ली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button