राज्य
Trending

बागपत में सभी किसानों को मिले किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ: जिलाधिकारी

बागपत। आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विशेष जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में बताया कि भारत सरकार व कृषि तथा किसान कल्याण मंत्रालय ने किसानो को केसीसी सहित केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु 24 अप्रैल 2022 से 01 मई 2022 की अवधि में विशेष अभियान “किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी” चलाने का निर्णय लिया है ताकि भूमि तथा पशुपालन हेतु केसीसी जारी होने से वंचित रह गये योग्य किसानो को किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ा जा सके। जिलाधिकारी राज कमल यादव ने कहा कि इस अभियान के दौरान बैंक के बीसी तथा बैंक शाखाओं के माध्यम से किसानो को केसीसी प्रदान करने में सहयोग किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्‍वयन के लिए सभी बैंको व सहयोगी संस्थाओ को अग्रणी जिला प्रबन्धक कार्यालय के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने हेतु निर्देशित किया गया है।
कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने समस्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने हेतु 24 अप्रैल 2022 से 01 मई 2022 तक मिशन मोड में केसीसी जारी करने हेतु बैंको तथा सरकारी संस्थाओ द्वारा प्रयास किया है। इस अभियान के अंतर्गत देश भर में 07 दिनों में अधिक से अधिक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। जिले में लगभग 1.15 लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के योग्य लाभार्थी है व जिले में अभी तक लगभग 1.02 लाख किसानो को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये जा चुके हैं. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का कोई भी लाभार्थी केसीसी जारी होने से रहता हैं तो वह 24 अप्रैल 2022 को विशेष ग्राम सभा या अपनी बैंक शाखा से 07 दिनों के अंदर संपर्क करके किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ उठा सकता है।
जिलाधिकारी श्री राज कमाल यादव ने सभी किसानों से आह्वान किया है कि जो भी किसान अभी तक केसीसी की सुविधा से वंचित रह गए हैं, वे इस अभियान के तहत अपने ग्राम सचिव, सरपंच, नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर केसीसी कार्ड बनवाएँ एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओ में भी पंजीकरण करवाएँ।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदन हेतु एक सरल फॉर्म भी जारी किया गया है जोकि सभी बैंको की वैबसाइट, www.agricoop.gov.in और www.pmkisan.gov.in पर उपलब्ध हैं. जिले के संबन्धित विभागों को भी इस योजना की जानकारी किसानों तक स्वयं सहायता समूह व ग्राम पंचायत के माध्यम से पहुचाने के लिए निर्देश दिये। इस प्रयास को सफल बनाने के लिए भारत सरकार, राज्य सरकार, नाबार्ड तथा अग्रणी जिला प्रबंधक को किसानो तथा बैंको के मध्य सहयोग के लिए निर्देशित किया गया है इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा राजस्व विभाग को भी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदन हेतु उनकी भूमि के रिकार्ड सुगमता से उपलब्ध कराने का निर्देश दिये गये है।

जिन किसानों के पास पहले से किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट नहीं हैं वे नई किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट के लिए भी जमाबंदी रिपोर्ट व फसल ब्योरे के साथ अपने क्षेत्र की बैंक शाखा से संपर्क करे। जिन किसानों के पास किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट है, वे पशुपालन और मत्स्य पालन के लिए भी बैंक शाखा में संपर्क कर सकते हैं। उन्होने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर बैंकों द्वारा कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाता है। जिले के समस्त बैंको को भी निर्देश दिये गये हे कि वो इस अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करें व समस्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड लेने के लिए प्रेरित करें। जिले में इस हेतु सभी बैंको के प्रतिनिधियों को बैठक के दौरान निर्देशित किया गया है कि केसीसी जारी करने में कोई देरी नहीं की जाये तथा ज्यादा से ज्यादा किसानों को केसीसी का लाभ पहॅुचाने के प्रयास करने हेतु वितीय साक्षरता शिविर का आयोजन करने के साथ ही साथ एसएचजी की मासिक बैठक तथा किसान उत्पादक संगठन के पदाधिकारियों के माध्यम से जिले के सभी किसानों तक इस योजना की जानकारी पहॅुचाने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के लिए अभियान की शुरुआत 24 अप्रैल 2022 को बागपत जिले में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर की जाएगी, इस ग्राम सभा में जिन किसानो के पास अभी तक केसीसी नहीं है उन्हें केसीसी कार्ड बैंकों द्वारा प्रदान करने हेतु सहयोग किया जायेगा । इसके अतिरिक्त जिन किसानों के पास कृषि भूमि पर सामान्य केसीसी है और उनकी लिमिट रु.3.00 लाख से कम है तो उनको उनके पास रखे गये पशुओं के आधार पर पशु पालन एवं मत्स्य पालन-केसीसी भी प्रदान करने हेतु सहयोग प्रदान किया जायेगा साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजना जैसे पीएमएसबीवाई, पीएमजेजेबीवाई, अटल पेंशन योजना आदि से भी जोड़ा जाएगा। इस अभियान में सभी प्रकार के केसीसी प्रदान किए जाएंगे जैसे – कृषि, डेयरी – पशुपालन एवं मत्स्य पालन।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, लीड बैंक मैनेजर राजेश पंत, डीडीएम नाबार्ड शोमिर, जिला गन्ना अधिकारी अनिल भारती सहित आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button