बागपत में जिलाधिकारी ने की विकास कार्यों की समीक्षा
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा एवं 50 लाख से अधिक लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा एवं 50 लाख से अधिक लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की जो मनसा है उसके अनुरूप अधिकारी कार्य करें। कार्यों में किसी भी हाल में लापरवाही ना करें। अधिकारी के कार्यालय से जनता के प्रति फीडबैक अच्छा आना चाहिए। अधिकारी के पास शिकायतकर्ता की कोई शिकायत आई है और उसका निस्तारण किया गया है तो उन्हें फोन करके भी अवगत कराया जाए जिससे कि शिकायतकर्ता संतुष्ट होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा हम सभी सरकारी सेवक गरीब जनता की सेवा और उनके हितों की रक्षा के लिए आए हैं। हमें जो दायित्व मिले हैं उनका ईमानदारी के साथ शत प्रतिशत निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित अपने-अपने विभाग की योजनाओं/निर्माण कार्यों के लक्ष्यों को मानक के अनुरूप समय से पूर्ण किये जायें एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं/कार्यों तथा जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को पात्र व्यक्तियों तक प्रत्येक दशा में पहुंचाया जाये।
जिलाधिकारी द्वारा जल जीवन मिशन, सामाजिक वनीकरण, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल, नई सड़कों का निर्माण, राज्यमार्गों का अनुरक्षण, महात्मा गाँधी राष्ट्रीय रोजगार गारण्टी योजना, विद्युत आपूर्ति ग्रामों का ऊर्जीकरण, सौभाग्य योजना, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाएं पेंशन कन्या सुमंगला योजना सहित आदि विभागों की योजनाओं का गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को व जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि राशन की जो दुकान ग्राम स्तर पर अभी भी आवंटित नहीं हुई है सरकार के शासनादेश के आधार पर स्वयं सहायता समूह को प्राथमिकता के आधार पर दुकानों का आवंटन किया जाए ।उन्होंने कौशल विकास मिशन के तहत किये जाने वाले आवेदन के बारे में सम्बनको निर्देशित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण आवेदन करायें, जिससे बैंक सम्बंधित को आसानी से ऋण स्वीकृत हो सके। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण आवेदन के बाद भी बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत न किये जायें, तो आवेदक से बैंक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायें।
जिलाधिकारी ने परियोजनाओं के अधिशाषी अभियन्ता व कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण व ससमय कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी अपनी रिपोर्ट जिस प्रारूप में भेजते हैं उसे डाटा फीड करते समय ध्यान पूर्वक चेक कर लें तथा कार्यालय के अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे न रहें। वर्तमान आंकड़े प्रस्तुत करने से पहले पूर्व में प्रस्तुत आंकड़ों से मिलान जरूर कर लें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार ,जिला विकास अधिकारी वीपी सिंह ,जिला गन्ना अधिकारी अनिल भारती सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।




