देश

बरेली में पुलिस मुठभेड़ में मोबाइल लूट कांड का बदमाश घायल, तमंचा समेत गिरफ्तार

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में थाना सुभाषनगर पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के दौरान मोबाइल लूट कांड में वांछित चल रहे शातिर बदमाश पारस पुत्र डोरीलाल (25) निवासी एलआईसी कॉलोनी, मुंशीनगर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा, एक जिंदा कारतूस और स्पलेंडर प्लस बाइक बरामद की।

मामला 16 अक्टूबर 2024 का है, जब मेधांस हॉस्पिटल के पास बाइक सवार बदमाशों ने राहुल श्रीवास्तव का मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने पहले आरोपी देवेस को गिरफ्तार किया था, जबकि पारस तब से वांछित चल रहा था। बुधवार रात करीब 1 बजे आजाद पेट्रोल पंप के पास चेकिंग के दौरान पारस बाइक से पहुंचा और पुलिस को देखते ही कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक गड्ढे में फिसलकर गिर गई। घिरने पर उसने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभियुक्त पारस बेहद शातिर और सक्रिय अपराधी है। पकड़ से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायर किया। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ धारा 109 बीएनएस व आर्म्स एक्ट में नया मुकदमा दर्ज हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button