uttar pradesh

बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: खेतों के किनारे चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

बरेली। नवाबगंज पुलिस ने बुधवार देर रात कुंडरा चौकी क्षेत्र में एक खेत के पास चल रही अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से तमंचे, कारतूस और निर्माण में प्रयोग करने वाले उपकरण बरामद हुए हैं।

बुधवार रात नवाबगंज थाने के दरोगा राजकुमार गौतम, योगेश कुमार और कांस्टेबल चेतन सिंह व दीपक यादव गश्त पर निकले हुए थे। जब उनकी टीम कुंडरा चौकी क्षेत्र के मिलक पिछौड़ा गांव के पास स्थित कब्रिस्तान के नजदीक पहुंची, तभी उन्हें स्थानीय सूत्रों से सूचना मिली कि कब्रिस्तान के पास खेतों की मेड़ पर अवैध रूप से तमंचे बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और चुपचाप खेत की ओर बढ़ी। जैसे ही टीम पास पहुंची, उन्होंने देखा कि खेतों के बीच पेड़ों के नीचे उजाला हो रहा था और एक युवक टाट की बोरी बिछाकर हथियार बना रहा था। पुलिस ने बिना देर किए घेराबंदी कर युवक को मौके पर दबोच लिया।

पुलिस को मौके से दो तैयार तमंचे, तीन अधबने तमंचे, एक जिंदा कारतूस, दो खाली खोखा कारतूस और हथियार निर्माण में प्रयोग होने वाले लोहे के औजार, पाइप, हथौड़े, रेती, बैरल और अन्य सामग्री मिली। जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम भीमसेन उर्फ बबलू पुत्र उमा चरण निवासी ग्राम बलपुर, थाना नवाबगंज बताया। पूछताछ में भीमसेन ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से अवैध तरीके से तमंचे बनाकर आसपास के इलाकों और अन्य जिलों में उन्हें ऊंचे दामों में सप्लाई करता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button