फिल्लौर में लुटेरों ने यात्रियों से भरी बस के कंडक्टर को बंदूक की नोक पर लूटा
पंजाब में लुधियाना-दिल्ली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित फिल्लौर में आज तीन लुटेरे सवारियों से भरी एक सरकारी बस के कंडक्टर को बंदूक की नोक पर लूट कर फरार हो गए।

जालंधर। पंजाब में लुधियाना-दिल्ली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित फिल्लौर में आज तीन लुटेरे सवारियों से भरी एक सरकारी बस के कंडक्टर को बंदूक की नोक पर लूट कर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी अनुसार तीन हथियारबंद लोगों ने बुधवार को यहां लाधोवाल टोल प्लाजा के पास एक पीआरटीसी बस कंडक्टर से बंदूक की नोक पर नकदी लूट ली। मोटरसाइकिल और स्कूटर पर सवार युवकों ने अपने वाहनों को बस के समानांतर लाकर कंडक्टर को गाली देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने उसकी सोने की चेन और दस हजार रुपये नकद छीन ली और चालक को गोली मारने की धमकी भी दी।
घटना लढोवाल थाने से करीब दो किमी दूर हुई। बाद में लुटेरे फिल्लौर की ओर भाग गए।
इस बीच, घटना के विरोध में, बस चालकों ने लढोवाल टोल प्लाजा के पास राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। बस कंडक्टर साहिल ने बताया कि तीन बदमाशों ने बस रोकने का इशारा किया। बस रोकते ही बदमाशों ने उसे नीचे उतार लिया और मारपीट करनी शुरू कर दी। उसके गले में पहनी चेन उतार ली। इस पर बस ड्राइवर और सवारियों द्वारा शोर मचाने पर बदमाश असलहा दिखाते हुए मौके से फरार हो गए।
साहिल ने आरोप लगाया है कि उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दे दी थी मगर डेढ़ घंटा गुजरने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसी के चलते बस घटनास्थल पर ही खड़ी थी और लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिस कारण कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया।
थाना प्रभारी एसएचओ जसबीर सिंह ने बताया कि करीब आठ बजे बस को रोककर कंडक्टर से लूट का प्रयास करने का मामला पता चला है। कंडक्टर साहिल का आरोप है कि उसके गले की चेन छीन ली गई। जब उनसे रोड जाम किए जाने संबंधी बात की गई तो उनका कहना था कि आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार की जाए। इसी के चलते उन्होंने बस को बीच सड़क में खड़ा कर दिया। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मिलकर उस जाम को खुलवाने में जुटे हुए हैं।




