uttar pradesh
फिल्मी स्टाइल में दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश, महिला पर तमंचा तान, जेवरात-रुपए लेकर फरार
दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लिया। साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत लगभग डेढ़ लाख का माल लूट लिया।

अमरोहा के गजरौला में तमंचे की नोक पर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लिया। साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत लगभग डेढ़ लाख का माल लूट लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद परिवार वाले चौकी पहुंचे। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उनसे लूट की तहरीर चोरी में बदलवा दी। फिलहाल घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गजरौला थाना क्षेत्र के शकूराबाद गांव निवासी मुबारक अली बीती रात अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। रात करीब एक बजे चार बदमाश घर की दीवार फांदकर अंदर घुस आए। मुबारक अली की पत्नी नसीमा को एक बदमाश ने तमंचे के बल पर ले लिया। परिवार के अन्य लोग भी जाग गए। आरोप है कि बदमाश घर में रखे सोने के जेवर व पांच हजार रुपए नकद समेत करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान लूटकर ले गए।
बदमाशों के चले जाने के बाद मुबारक अली ने शोर मचाया तो गांव के अन्य लोग भी जाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मुबारक अली का आरोप है कि उसने कुमराला चौकी पर लूट की तहरीर लिखकर दी थी, लेकिन चौकी इंचार्ज ने धमकाकर तहरीर बदलवाकर चोरी की लिखवा दी। सर्किल सीओ स्वेताभ भास्कर ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।



