
फतेहाबाद। गांव भट्टूकलां और ढाबी के बीच कार चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहा मोटरसाइकिल कार में टकराया। हादसे में कार का शीशा गले में फंसने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महिला को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

शनिवार को भट्टूकलां पुलिस को दी शिकायत में गांव रामसरा निवासी सुभाष ने कहा है कि उसका लड़का सचिन शुक्रवार को अपनी बीमार मां दर्शना को दवाई दिलवाने के लिए मोटर साइकिल पर सवार होकर भट्टूकलां में दवाई दिलवाने के लिए आया था जबकि वह पहले से ही भट्टूकलां में था।

शुक्रवार शाम को वह दवाई दिलवाने के बाद सचिव जब अपनी मां के साथ वापस गांव रामसरा जा रहा था तो रास्ते में गांव ढाबी और भट्टू के बीच टी प्वाइंट के समीप एक मारूति कार का चालक कार को लापरवाही व तेजगति से चलाते हुए आया और सचिन के मोटरसाइकिल के आगे आकर अचानक ब्रेक लगा दी जिससे सचिन के मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह कार के पीछे जा टकराया।
टक्कर के बाद सचिन का सिर कार के पिछले शीशे में फंस गया और गर्दन में शीशा लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक छोटूराम उर्फ राजू निवासी भट्टू अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और हादसे में घायल अपनी पत्नी को उपचार के लिए भट्टूकलां के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



