देश

फतेहाबाद : कपास खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप लगा किसानों ने किया विरोध

फतेहाबाद। नरमा की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद के मुद्दे को लेकर शनिवार को गांव भोडियाखेड़ा, भूथन कलां, ढाणी ईशर के किसान मार्केट कमेटी फतेहाबाद के दफ्तर पहुंचे। किसानों का नेतृत्व कर रहे किसान सभा के नेता मनफूल ढाका ने बताया कि सीसीआई, नई अनाज मंडी फतेहाबाद में नरमा की खरीद कर रही है परंतु इसमें पूरी तरह से मनमानी और हेराफेरी चल रही है। भोडिय़ाखेड़ा के किसान मैनपाल का नरमा सीसीआई ने 7545 रुपये एमएसपी के आप-पास खरीदा। फैक्ट्री में जाने के बाद वहां पर मौजूद कर्मचारी ने कहा कि नरमा की क्वालिटी अच्छी नहीं है, इसलिए इसे वापस ले जाओ। यह वही कर्मचारी था जिसने अनाज मंडी में इस ढेरी की बोली लगा कर पास किया था। ढेरी रिजेक्ट होने के बाद किसान ने रात को ट्रैक्टर-ट्रॉली वहीं फैक्ट्री में ही खड़ी करके देर रात घर लौट गया। इसी मुद्दे को लेकर किसान सभा ब्लॉक समिति के सदस्य कृष्ण ज्याणी भूथन कलां, भोडिया खेड़ा के पीडित किसानों को साथ लेकर मार्केट कमेटी सचिव फतेहाबाद के दफ्तर पहुंचे। हालांकि सचिव चंडीगढ़ मीटिंग में व्यस्त थे तो किसान नेता मनफूल ढाका ने उनसे फोन पर बात की और सारा मामला बताया। इस पर सचिव ने बताया कि वे चंडीगढ़ में कोई मीटिंग में व्यस्त हैं और इस मामले में कुछ नहीं कर सकते। इस पर किसानों ने वहां मौजूद अन्य अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मार्केट कमेटी के दफ्तर पर धरना लगाया जाएगा। इसके तुरंत बाद सचिव ने फोन कर कहा कि संबंधित किसान का उसी रेट 7545 पर तुरंत नरमा तुला दिया गया है। किसानों ने कहा कि सीसीआई से खरीद के बाद मिल में जाकर हर ढेरी से 30 किलो, 80 किलो, एक क्विंटल तक नरमा की काट काटी जाती है। सीसीआई द्वारा सरकारी खरीद 7400 से 7800 के आसपास की जा रही है और इसमें क्वालिटी और नमी के कई मानदंड रखे गए हैं जिनसे किसान सभा सहमत नहीं है, क्योंकि यह सब अधिकारियों और फैक्ट्री मालिकों को किसानों का शोषण करने का पूरा मौका मिलता है। इसके बारे में मार्केट कमेटी सचिव को अवगत करा दिया गया है और इसकी लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों को की जाएगी। किसानों ने कहा कि आने वाले दिनों में इस बारे में कपास किसानों की लामबंदी करके लड़ाई लड़ी जाएगी। जिले भर के नरमा कपास के किसानों को एकजुट कर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इस लड़ाई को आगे पुरजोर लड़ा जाएगा। इस अवसर पर राजेश, जितेन्द्र, सुमित, सचिन, विक्रम आदि किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button