देश
Trending

प्रधानमंत्री बिहार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दो जगह करेंगे नियुक्ति पत्र वितरण

पटना/बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करीब 71 हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री इन नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित भी करेंगे।

पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इस अवसर पर हाजीपुर एवं पटना में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऑफिसर्स क्लब महेन्द्रू घाट पटना में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह तथा पूर्व मध्य रेलवे के हाजीपुर मुख्यालय स्थित वैशाली रेल प्रेक्षागृह में केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

गिरिराज सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकारी विभाग और ऑर्गेनाइजेशन में नवनियुक्त भर्ती के लिए 71 हजार नियुक्ति पत्र वितरित करेंगें। बिहार में इस कार्यक्रम का प्रतिनिधित्व करने के लिए रेलवे ऑफिसर्स क्लब महेन्द्रू घाट पटना में उपस्थित रहूंगा। यह रोजगार मेला, रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। रोजगार मेला और रोजगार सृजन के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा तथा युवाओं को उनके सशक्तिकरण एवं राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर के वैशाली प्रेक्षागृह, पटना, धनबाद और पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर में रोजगार मेला का आयोजन होगा। जहां रेलवे के साथ-साथ अन्य मंत्रालयों के लिए नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। रोजगार मेला के अवसर पर मुख्यालय हाजीपुर में केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस, पटना में केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह, रेलवे ऑडिटोरियम, धनबाद में शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा बाकले ऑफिसर्स क्लब, पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर चंदौली में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास एवं सहकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा उपस्थित रहेंगे।

नियुक्ति पत्र पाने वाले देश भर से चुने गए नवनियुक्त कर्मियों को भारत सरकार के तहत ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मास्टर, वरिष्ठ वाणिज्यिक लिपिक सह टिकट लिपिक, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल स्टेनोग्राफर, कनिष्ठ लेखापाल, डाक सहायक, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर टैक्स सहायक, सीनियर ड्राफ्ट्समैन, जेई, सुपरवाइजर, सहायक प्रोफेसर, शिक्षक, पुस्तकालयाध्यक्ष, नर्स, परिवीक्षा अधिकारी, पीए, एमटीएस और अन्य जैसे पदों पर कार्य करने के लिए शामिल किया जाएगा। नवनियुक्त कर्मियों को कर्मयोगी प्रारंभ के माध्यम से स्वयं को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिलेगा। जो विभिन्न सरकारी विभागों में सभी नवनियुक्त कर्मियों के लिए ऑनलाइन उन्मुखीकरण पाठ्यक्रम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button