टॉप न्यूज़

प्रधानमंत्री आज कुछ देर बाद वर्चुअली राष्ट्र को समर्पित करेंगे हैदराबाद का सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया सुविधा केंद्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राष्ट्र को सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया (एसएईएसआई) सुविधा केंद्र समर्पित करेंगे। यह सुविधा केंद्र हैदराबाद के जीएमआर एयरोस्पेस और औद्योगिक पार्क (एसईजेड) राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में है। प्रधानमंत्री

सुबह 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, एसएईएसआई, एलईएपी एयरबस ए320एनईओ और बोइंग 737 एमएएक्‍स विमानों को शक्ति प्रदान करने वाले एलईएपी (लीडिंग एज एविएशन प्रोपल्शन) इंजनों के लिए सफ्रान की समर्पित रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) सुविधा है। इस सुविधा केद्र की स्थापना महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

यह न केवल दुनिया की सबसे बड़ी वैश्विक विमान इंजन एमआरओ सुविधाओं में से एक है, बल्कि ये भी पहली बार है कि किसी वैश्विक इंजन ओईएम (मूल उपकरण निर्माता) ने भारत में एक एमआरओ ऑपरेशन सुविधा केंद्र स्थापित किया है। 45,000 वर्ग मीटर में फैला यह अत्याधुनिक सुविधा केंद्र लगभग 1,300 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश से विकसित किया गया है।

आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि सालाना 300 लीप इंजनों की सर्विसिंग के लिए डिजाइन किया गया यह एसएईएसआई सुविधा केंद्र 2035 तक पूरी तरह से ऑपरेशनल क्षमता प्राप्त कर लेने के बाद 1,000 से ज्यादा उच्च कुशल भारतीय तकनीशियनों और अभियंताओं को रोजगार देगा। इस सुविधा केंद्र में विश्वस्तरीय इंजन रखरखाव और मरम्मत सेवाएं प्रदान करने के लिए उन्नत प्रक्रिया उपकरण होंगे।

ये एमआरओ सुविधा विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम होगी। एमआरओ में स्वदेशी क्षमताओं का विकास विदेशी मुद्रा के बहिर्वाह को कम करेगा, उच्च-मूल्य वाले रोजगार सृजित करेगा, आपूर्ति-शृंखला की मजबूती को और सुदृढ़ करेगा और भारत को एक वैश्विक विमानन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। केंद्र सरकार इस क्षेत्र के तीव्र विकास को समर्थन देने के लिए एक मजबूत एमआरओ इको-सिस्‍टम के निर्माण के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button