
प्रतापगढ़। जनपद के लीलापुर थाना क्षेत्र स्थित मोहनगंज पुलिस चौकी के पास गुरुवार को एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के रिश्तेदार ने हत्या करके शव फेंके जाने की तहरीर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस को दी है। पुलिस जांच में जुटी है।

आरोप है कि शिवशंकर सिंह (52) निवासी सिटकहा पुरेखुशई थाना लीलापुर प्रतापगढ़ को बुधवार की रात मोहनगंज तिराहे से महज 100 मीटर जेठवारा रोड के बगल स्थित ठेके के पीछे डंडे से पीट पीट कर हत्या करके शव को फेंक दिया गया। गुरूवार सुबह स्थानीय लोगों को खून से लथपथ लाश दिखी तो ग्राम प्रधान विनोद सिंह की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिवशंकर के कोई संतान नहीं है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के रिश्तेदार फूलचंद्र सिंह ने थाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दिया है।

पुलिस उपाधीक्षक लालगंज रामसूरत सोनकर ने बताया कि ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना का जल्द ही खुलसा किया जाएगा और हत्या की घटना को अंजाम देने वालों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा ।



