पूर्व सीएम मायावती पर आपत्तिजनक पोस्ट: लखनऊ में फेसबुक यूजर के खिलाफ FIR दर्ज

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में कृष्णानगर कोतवाली में FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला बसपा के कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता गंगाराम वर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, आलमबाग गढ़ी कनौरा निवासी गंगाराम वर्मा ने बताया कि सोमवार शाम दामोदर नगर निवासी कैंट विधानसभा प्रभारी देवेश कुमार गौतम के आवास पर आयोजित बैठक के दौरान फेसबुक चलाते समय श्रेया यादव नामक युवती की एक पोस्ट में आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी सामने आई। यह टिप्पणी मायावती के खिलाफ की गई थी, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। गंगाराम वर्मा ने कहा कि इस पोस्ट से काफी आघात लगा और इसके बाद पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।

कृष्णानगर कोतवाली के इंस्पेक्टर प्रदुम्न कुमार सिंह ने बताया कि फेसबुक पर अभद्र या अपमानजनक टिप्पणी करने पर आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल फेसबुक यूजर श्रेया यादव के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आईटी एक्ट की धारा 66 और 67 के तहत स्क्रीनशॉट जैसे साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तारी और जुर्माने का प्रावधान है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जल्द ही तय की जाएगी।



