पूरे देश में कर्फ्यू जारी, बाजार बंद, जेलों से भाग रहे कैदी… नेपाल में हिंसा के बीच अब कैसे हैं ताजा हालात?

भारत का पड़ोसी देश नेपाल इस वक्त गंभीर राजनीतिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। Gen-Z प्रोटेस्ट की आग कुछ यूं भड़की कि देश की सियासत हिल गई। केपी शर्मा ओली ने नेपाल के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। Gen-Z प्रदर्शनकारियों ने नेपाल में काठमांडू स्थित संसद भवन से लेकर सरकारी दफ्तरों तक को आग के हवाले कर दिया है। वहां अंतरिम सरकार बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। इस बीच नेपाल में हिंसा की आग अबतक पूरी तरह से थमी नहीं है।

कर्फ्यू जारी, सड़कों पर उतरी सेना
नेपाली सेना फिलहाल स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है। पूरे देश में कर्फ्यू अब भी जारी लागू है। साथ ही नेपाली आर्मी ने धारा 144 भी लगाई हुई है। बाजार बंद पड़े हैं और सड़कें एकदम सुनसान है। सड़कों पर सेना उतरी हुई है। इस दौरान स्थिति को पूरी तरह से कंट्रोल करने की कोशिशें की जा रही हैं।

#WATCH | Nepal: Visuals from Kathmandu city this morning. Curfew remains in effect until further orders.
The Nepali PM resigned on 9 September amid demonstrations against the Government over alleged corruption. pic.twitter.com/bbjBg0nnC4
— ANI (@ANI) September 11, 2025
जेल से फरार हो रहे कैदी
अराजकता का फायदा उठाकर जेलों में बंद कैदी भाग रहे हैं। हिंसा बढ़ने और सरकार के गिरने के चलते पुलिस ड्यूटी से हट गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थानों और सरकारी दफ्तरों में भी तोड़फोड़ की। इसी मौके क फायदा उठाकर नेपाल की अलग-अलग जेलों में बंद 13 हजार से ज्यादा कैदी जेलों से भाग निकले। इतना ही नहीं थानों से पुलिस के हथियार भी चुराए गए हैं।
नेपाल आर्मी के प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल ने देशवासियों और Gen-Z प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और बातचीत के लिए आगे आने की अपील की है।
नेपाल विरोध प्रदर्शनों में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 1 हजार से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
अंतरिम सरकार बनाने की कवायद तेज
वहीं, दूसरी ओर केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद नेपाल में अंतरिम सरकार बनाने की कवायद भी तेज हो गई। बीते दिन Gen-Z प्रदर्शनकारियों की वर्चुअली अहम बैठक हुई, जिसमें 5 हजार से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया। सुशीला कार्की अंतरिम सरकार की मुखिया बन सकती हैं। नेपाल में अंतरिम सरकार के गठन को लेकर आर्मी हेडक्वार्टर में आज अहम बैठक भी होने वाली है।



