
बेहट। कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की हैं वहीं दूसरी ओर एक व्यक्ति को अवैध चाकू के साथ पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों का संगीन धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। बेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी के मामले में वांछित चल रहा शय्याद पुत्र सुक्कड़ निवासी ग्राम पथरवा कलसिया तिराहे पर कही जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक राम किशन ने कांस्टेबिल कपिल राठी को अपने साथ लेकर बताए गए स्थान पर छापा मारा तो वहां पर पहले से मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देख कर भागने लगा जिसका पीछाकर पुलिस कर्मियों ने दबोच लिया और कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना नाम शय्याद पुत्र सुक्कड निवासी पथरवा थाना बेहट बताया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं दूसरी ओर दानिश पुत्र अकबर निवासी पथरवा थाना बेहट को एक अदद चाकू के साथ गिरफ्तार कर चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। बेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय का कहना है कि अपराधी प्रवृत्ति के किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




