नोएडा में बेकाबू कार हाईवे से गिरकर पलटी, डॉक्टर की मौत

नोएडा। बादलपुर थाना क्षेत्र के गांव धूम मानिकपुर के पास साेमवार सुबह को एक कार बेकाबू होकर हाईवे से नीचे पलट गई। घटना में कार सवार डॉक्टर की मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बादलपुर थाना प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि नई दिल्ली निवासी डॉक्टर अमित कुमार (42) साेमवार सुबह 8 बजे कार में सवार होकर नेशनल हाईवे -91 के रास्ते खुर्जा स्थित पीएलआरडी अस्पताल जा रहे थे। कार अनियंत्रित होकर धूम मानिकपुर गांव के पास हाईवे से नीचे उतरते ही पलट गई। इस घटना में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कार से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी परिवार काे देते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



