crime
Trending

नोएडा में नाबालिग की हत्या के आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर की भागने की कोशिश, गिरफ्तार

नोएडा। नोएडा के सेक्टर 147 में स्थित सरस्वती एनक्लेव में डॉक्टर के घर में हुई लूट और नाबालिग की हत्या के मामले में थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लूट का सामान व रूपया भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रदीप विश्वास नाबालिग के पिता डॉक्टर सुदर्शन के परिवार का जानकार है और उसने अपना जुर्म कबूल लिया है। पुलिस ने आरोपी के सेक्टर 82 के मकान से लूटे हुए साढ़े सात लाख रूपये और आभूषण बरामद किये है। बरामदगी के बाद जब प्रदीप को पुलिस थाने ला रही थी इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी की सरकारी रिवाल्वर छीनकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे इकोटेक 3 थाना पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

नोएडा सेंट्रल के डीसीपी अनिल यादव ने बताया कि डॉक्टर सुदर्शन और उनके परिवार वालों ने इस लूट और हत्या के मामले में प्रदीप पर अपना शक जाहिर किया था। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछ्ताछ कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज में उसकी गतिविधिया संदिग्‍ध मिलने पर जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार किया उसने ही गला दबाकर शिल्‍पी की हत्‍या की थी और घर में रखे रुपए और कीमती आभूषण लेकर भाग गया था।

डीसीपी ने बताया कि प्रदीप के निशानदेही पर सेक्टर 82 स्थित उसके मकान से चावल की बोरी में छुपाए हुए साढ़े सात लाख रूपये और आभूषण बरामद हो गए हैं। डीसीपी ने बताया कि बरामदगी के बाद जब पुलिस आरोपी को लेकर थाने वापस आ रही थी, उसी दौरान कुलेसरा पुस्ता के पास आरोपी ने लघुशंका करने के लिए गाड़ी को रुकवाया और एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस आरोपी के अपराधिक इतिहास और अन्य जानकारी जुटा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button