देश
Trending

निकाय चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस को झटका, पलक रावत व दिलप्रीत सिंह भाजपा में शामिल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष व कैंट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे दिलप्रीत सिंह गुरुवार को अपने कई साथियों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। वहीं सरोजनीनगर से सपा से जिला पंचायत सदस्य रहीं पलक रावत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश कार्यालय में उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराकर शामिल कराया।

इस मौके पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से ख़त्म हो चुकी है। भाजपा की नीतियों से राजनीति पार्टियां प्रभावित हो रही हैं। सपा,कांग्रेस के कार्यकर्ता बीजेपी में आना चाह रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं जन-जन तक पहुंच रही हैं। मोदी-योगी की रीति नीतियों में जनता भरोसा कर रही है। सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के तहत काम हो रहा है। लोगों का मानना है कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो सबको साथ लेकर चल सकती है।

उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा गुण्डा-बदमाशों को पुष्पवित-पल्लवित करने का काम किया है। 2012 से 2017 के दौरान जो अपराधियों के चंगुल में प्रदेश चला गया था, उससे मुक्त हो गया है। विपक्ष जनता के समक्ष जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।

भाजपा में शामिल होने के बाद दिलप्रीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का कोई सम्मान नहीं है। कांग्रेस पार्टी में भारी फूट मची हुई है। जल्द ही और भी कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होंगे। ब्रजेश पाठक ने पूर्व पार्षद ताराचंद रावत, मनीष रावत, दिनेश रावत, रणवीर, संजय गिरि और अभिषेक तिवारी समेत दर्जनों लोगों को पटका पहनाकर भाजपा में शामिल कराया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे व नगर निकाय चुनाव लखनऊ के संयोजक अंजनी श्रीवास्तव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button