‘धर्म युद्ध था ऑपरेशन सिंदूर, यह जारी रहेगा’, रीवा में बोले सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर क्यों कसा तंज?

भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर को पूरी तरह सफल बताया। उन्होंने एक कार्यक्रम में बताया कि किस तरह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेनाओं को खुली छूट दी। इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने पाकिस्तान को साफ शब्दों में चेताया और ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए पूरी तरह से तैयार होने की बात कही।

जनरल उपेंद्र द्विवेदी मध्य प्रदेश में अपने गृहनगर रीवा पहुंचे थे, जहां शनिवार (1 नवंबर) को टीआरएस कॉलेज के एक कार्यक्रम को उन्होंने संबोधित किया। जहां तमाम मुद्दों को लेकर वो अपने बात रखते नजर आए।

ऑपरेशन सिंदूर पर बोले जनरल उपेंद्र द्विवेदी
कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि इसका उद्देश्य दुश्मन पर विजय प्राप्त करने के अलावा संप्रभुता, अखंडता और शांति की पुनर्स्थापना करना था। यह प्रधानमंत्री ही थे जिन्होंने कहा था कि इसका नाम ऑपरेशन सिंदूर होगा। जब भी कोई बेटी, मां या बहन अपने माथे पर सिंदूर लगाती है, तो दुआएं देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर खड़े सैनिक के लिए जाती हैं।
उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और शांति बहुत जरूरी है। तीनों सेनाओं के प्रमुखों को मिलकर काम करना था। तीनों सेनाओं के प्रमुख शांत रहे। वे हमेशा मुस्कुराते हुए नजर आए। हमारी शांति ने देश के लोगों को विश्वास दिलाया कि वे सुरक्षित हाथों में हैं। ऐसे युद्धों में जोखिम बहुत अधिक होता है।
‘प्रधानमंत्री ने सेनाओं को खुली छूट दी’
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आगे कहा कि हमने हर हमले का मुकाबला किया और सीमा पार 100 किमी तक गए। हमारे राजनीतिक नेताओं की सोच स्पष्ट थी। उन्होंने हमें खुली छूट दी। इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री ने सेनाओं को खुली छूट दी हो।
ट्रंप को लेकर क्या बोले जनरल द्विवेदी?
वो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते भी नजर आए। जनरल द्विवेदी ने कहा कि भविष्य की चुनौतियां आ रही हैं। ये चुनौतियां हैं अस्थिरता, अनिश्चितता, जटिलता और अस्पष्टता… आप और मैं इस बारे में बिल्कुल नहीं जानते हैं कि भविष्य में क्या होने वाला है। ट्रंप आज क्या कर रहे हैं? मुझे लगता है कि ट्रंप को भी नहीं पता कि वह कल क्या करने वाले हैं।”
उन्होंने कहा कि चुनौतियां इतनी तेी से आ रही हैं कि जब तक आप एक पुरानी चुनौती को समझने की कोशिश करते हैं, तब तक एक नई चुनौती सामने आ जाती है, और वही सुरक्षा चुनौतियां जिनका सामना हमारी सेना कर रही है। जो नई चीजें शुरू हुई हैं: अंतरिक्ष युद्ध, उपग्रह, रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और सूचना युद्ध। जिस तरह से अफवाहें फैलाई जाती हैं। जैसा कि आपने ऑपरेशन सिंदूर में सुना, कराची पर हमला हुआ। ऐसी कई खबरें आईं, जो हमें भी खबर जैसी लगीं। यह कहां से आया, किसने किया? इन सभी चुनौतियों के दायरे में, आपको ज़मीन, आसमान, पानी और तीनों पर काम करना होगा।”
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में जनरल द्विवेदी ने यह भी कहा, “ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए हमने पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने अगर कोई कायराना हरकत की, तो कठोर जवाब मिलेगा।”



