Uncategorized
Trending
देश में दलितों पर अत्याचार की घटनाओं पर रोष जताया, बहुजन एकता संघर्ष समिति ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
बहुजन एकता संघर्ष समिति ने देश में दलित समाज पर आए दिन अत्याचार एवं शोषण जैसी घटनाओं पर आक्रोश जताते हुए इस पर तुरंत अंकुश लगाए जाने की मांग की है

शामली। बहुजन एकता संघर्ष समिति ने देश में दलित समाज पर आए दिन अत्याचार एवं शोषण जैसी घटनाओं पर आक्रोश जताते हुए इस पर तुरंत अंकुश लगाए जाने की मांग की है। समिति ने देश में लगातार बढ रही महंगाई पर भी नियंत्रण की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को बहुजन एकता संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष शिव कुमार ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को देते हुए बताया कि आजादी के 75 साल पूरे होने व संविधान लागू हुए 72 साल का समय बीत चुका है लेकिन आज भी देश में दलित समाज पर अत्याचार एवं शोषण जैसी घटनाएं प्रकाश में आ रही है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, बिहार, गुजरात प्रदेशों में मुख्यतः भाजपा शासित प्रदेशों में जातिवादी अत्याचार चरम पर है। 15 मार्च को राजस्थान के पाली जिले में एक दलित युवक जितेन्द्र पाल मेघवाल की कुछ लोगों ने दिन दहाडे चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वहीं उत्तर प्रदेश में दस अप्रैल को रायबरेली जिले में मजदूरी मांगने पर दलित की पिटाई व पैर चटाने जैसा घिनौना काम किया गया। आगरा के फतेहपुर सीकरी में 23 अप्रैल को कुछ लोगों ने दलित युवक सुनील को फांसी लगाकर मार डाला। दो माह पहले युवक से बुरी तरह मारपीट भी की गयी थी लेकिन आज तक इस मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं हुई। हरियाणा के जींद जिले के छातर गांव के दलितों के साथ कुछ लोगों द्वारा सामाजिक बहिष्कार किया गया जिस कारण उन्हें पलायन करना पडा। बिहार राज्य में भी दलितों पर अत्याचार किया जा रहा है। यही हालत देश के अन्य राज्यों में भी है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 75 साल बाद भी दलितों को घोडी से बारात निकालने नहीं दी जाती, बुलंदशहर में यही हुआ दलित दूल्हे को आज भी अपनी बारात के लिए पुलिस की मदद लेनी पडती है। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की ताकि दलितों को न्याय मिल सके। उन्होंने देश में लगातार बढ रही महंगाई पर भी आक्रोश जताते हुए कहा कि जिस महंगाई को मुद्दा बनाकर भाजपा ने 2014 में अपनी सरकार बनायी थी, आज उसकी सरकार में ही महंगाई दिन बढती जा रही है जिससे आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम दोगुने हो गए हैं और लोगों की आमदनी ज्यों की त्यों है। उन्होंने राष्ट्रपति से बढती महंगाई पर नियंत्रण लगाए जाने की भी मांग की है। इस अवसर पर दिनेश, अरविन्द, सावन, जतिन, संदीप, विशाल, मुकुल, आशीष, अक्षय, छोटू आदि भी मौजूद रहे।

