Bihar

दुलारचंद हत्याकांड पर बिहार में सियासी उबाल, जीतन राम मांझी ने बताया RJD का हाथ तो पप्पू यादव बोले- ये गुंडा राज्य नहीं तो…

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व RJD नेता दुलारचंद यादव की हत्या को लेकर सियासत गरमा गई है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के नेता जीतन राम मांझी ने मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या में राष्ट्रीय जनता दल (Rjd) की संलिप्तता का आरोप लगाया। वहीं, पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस हत्याकांड को लेकर BJP पर हमला बोला है। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की जांच कर रही है। दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप JDU प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह और सूरजभान सिंह के समर्थकों पर लगा है।

लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले और वर्तमान में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या को लेकर बिहार में सियासत उबाल पर है। दुलारचंद यादव की गुरुवार को मोकामा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना तब हुई जब चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों के बीच फायरिंग हुई। दुलारचंद यादव जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे। अब हत्याकांड पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की प्रतिक्रिया आई है।

जीतन राम मांझी ने RJD पर लगाया गंभीर आरोप

जीतन राम मांझी ने मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या में RJD की संलिप्तता का आरोप लगाया। मांझी ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आरोपियों को पकड़ा जाएगा। राजद के लोग जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं। टेकारी में हमारे उम्मीदवार पर भी हमला किया गया, जबकि अत्री उम्मीदवार की कार को भी रोका गया और पार्टी कार्यकर्ताओं को पीटा गया। कानून व्यवस्था में कोई विफलता नहीं है। ये सब साजिश के तहत की जा रही है।

 पप्पू यादव ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

वहीं, पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने दुलारचंद यादव की हत्याकांड की निंदा करते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया, उन्होंने कहा, बिहार चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक उम्मीदवारों को तेजी से निशाना बनाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगियी राजनीति में आपराधिक तत्वों को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे दावा किया कि इस बार चुनाव में बीजेपी और उसके गठबंधन सहयोगियों ने अपने 60 प्रतिशत टिकट अपराधियों को आवंटित किए हैं। अगर यह एक बड़ा गुंडा राज्य नहीं है, तो क्या है?

नीतीश की सरकार नींद में सो रही है-तेज प्रताप

मोकामा हत्याकांड पर तेज प्रताप यादव ने भी सवाल खड़े किए हैं और नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार की सरकार नींद में सो रही है। उसे बदलने के लिए यहां जनता इकट्ठा हुई है। चारों तरफ हत्याएं हो रही हैं। जब तक बेरोजगारी दूर नहीं होगी तब तक अपराध फैलता रहेगा।”

कौन थे दुलारचंद यादव

बता दें कि दुलारचंद यादव मोकामा ताल इलाके में एक जाना-माना नाम थे। उन्हें लालू प्रसाद यादव का बहुत करीबी माना जाता था और वह कभी RJD के एक एक्टिव कार्यकर्ता थे। 1990 के दशक में लालू यादव के सत्ता में रहने के दौरान, दुलारचंद यादव की इलाके में अच्छी पकड़ मानी जाती थी। कहा जाता है कि वह RJD के ग्रासरूट कैडर के संस्थापकों में से एक थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button