
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई है। किशोर का शव यमुना खादर से बरामद हुआ है। शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि किशोर मंगलवार रात खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था और बुधवार सुबह लोगों ने उसकी लाश देखी।

मृतक के पिता मुस्तफा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10:00 बजे खाना खाने के बाद वो टहलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात वह नहीं लौटा। वह लोग सारी रात उसे ढूंढते रहे। रिश्तेदारों और दोस्तों से उसके बारे में पूछा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह किसी ने फोन करके उन्हें बताया कि आलम का शव उस्मानपुर जीरो पुस्ता यमुना खादर में पड़ा है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। आलम छोटा-मोटा काम करके परिवार की आर्थिक तौर पर मदद करता था।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे पता चल सके कि आलम यमुना खादर कैसे पहुंचा और उसकी हत्या किसने की।



