दिल्ली में लगातार तीसरे दिन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, AAP ने BJP पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने दिल्ली के निजी स्कूलों को लगातार तीसरे दिन बम की धमकी मिलने पर बुधवार को बीजेपी सरकार की आलोचना की और केंद्रीय एजेंसियों की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाया।

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने दिल्ली के निजी स्कूलों को लगातार तीसरे दिन बम की धमकी मिलने पर बुधवार को बीजेपी सरकार की आलोचना की और केंद्रीय एजेंसियों की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाया। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इन धमकियों से उत्पन्न भय और व्यवधान के प्रति उदासीन है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘दिल्ली के लोगों और उनके बच्चों की ना तो गृहमंत्री अमित शाह जी को कोई चिंता है और ना ही उनकी चार-चार इंजन वाली सरकारों को। दिल्ली को जंगलराज बनाने पर तुली है भाजपा।’’

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ क्या सारा खुफिया तंत्र फेल हो गया है? क्या सारी खुफिया एजेंसियां सिर्फ विपक्ष के नेताओं पर नज़र रखने के लिए और झूठा केस लगाने के काम में ही व्यस्त हैं?’’
सिसोदिया ने कहा, ‘‘ मेरा भाजपा वालों से निवेदन है- कृपया खुफिया तंत्र के कुछ लोगों को विपक्ष के नेताओं के पीछे से हटाइये और पता लगाइए बच्चों के स्कूलों को बम से उड़ाने की ये धमकियां कौन दे रहा है?’’
इसी तरह की चिंताएं व्यक्त करते हुए, आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बार-बार मिल रही धमकियों से अभिभावकों में दहशत बढ़ रही है।
इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इससे पहले दिन में, दिल्ली के पांच निजी विद्यालयों को ईमेल भेजकर बम होने की धमकी भेजी गई थी, जिसके बाद संबंधित विद्यालयों खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और जांच चल रही है।



