देश

दिल्ली में बदहाल क़ानून व्यवस्था, अपराधियों के हौसले बुलंद : फ़रहाद सूरी

नयी दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मेयर फ़रहाद सूरी ने राजधानी में क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को कहा कि निज़ामुद्दीन थाने से चंद कदम की दूरी पर उनकी बहन की गाड़ी से लुटेरे बैग लेकर फ़रार हो गया और पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा सकी।

सूरी ने आज यहां बताया कि मंगलवार को देर शाम क़रीब आठ बजे उनकी बहन सफ़दरजंग इनक्लेव से आ रही थी। लोधी रोड पर कार में कोई आवाज़ सुनाई दी जिसके बाद ड्राइवर ने निज़ामुद्दीन थाने से चंद कदम की दूरी पर नीला गुंबद के समीप कार रोककर देखने के लिए उतरा। गाड़ी रुकते ही मोटरसाइकिल सवार दो लोग आये और कार का दरवाज़ा खोलकर बैग लेकर फ़रार हो गया। बैग में एक लाख 75 हज़ार रुपये नक़द के साथ-साथ डेविड कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्डआदि थे।

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना तत्काल थाने में दी गई लेकिन पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है की इस संवेदनशील इलाक़े में जहां देश दुनिया के कोने-कोने से लोग हुमायुं मक़बरा, सुंदर नर्सरी, निज़ामुद्दीन दरगाह और मरकज़ में आते हैं लेकिन यहाँ का सीसीटीवी काम नहीं कर रहा है। सीसीटीवी ख़राब होने की वजह से पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।

सूरी ने कहा कि एक तरफ़ केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार राजधानी में क़ानून-व्यवस्था चौकस करने की दुहाई देती है और दूसरी केजरीवाल सरकार हर जगह सीसीटीवी लगाकर वाहवाही बटोर रही है। लेकिन शाम ढलते ही इस तरह की घटना दोनों सरकारों की पोल खोल रहे हैं। यह बहुत गम्भीर मामला है और इसे लेकर वह जल्द ही पुलिस कमिश्नर से मिलकर अपराधियों को पकड़ने की गुहार लगायेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button