दिल्ली के पुठ खुर्द इलाके के प्लास्टिक वेस्ट गोदाम में लगी आग,दमकल की आठ गाड़ियों ने आग पर काबू पाया

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ती गर्मी के साथ-साथ आग लगने की घटनाएं भी लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला दिल्ली के पुठ खुर्द इलाके का है। जहां प्लास्टिक वेस्ट के गोदाम में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे सामान को चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

दमकल विभाग के अनुसार, बीती देर रात करीब रात 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। जिस पर दमकल विभाग ने एक-एक कर करीब आठ गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए भेजा। करीब रात एक बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। आग लगने के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा लेकिन गोदाम के अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।




