टॉप न्यूज़
Trending

दलालों पर गैंगस्टर की होगी कार्रवाई : ब्रजेश पाठक

झांसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक झांसी में दिन भर के व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद देर रात जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने जा पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में दलालों के हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दलालों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।

जिला अस्पताल परिसर में उपमुख्यमंत्री की देर रात मौजूदगी से हड़कंप मच गया। इस बीच पाठक इमरजेंसी वार्ड में जा पहुंचे और वहां मौजूद मरीजों के साथ बड़ी आत्मीयता से बात की। उन्होंने मरीजों से उनकी परेशानी और अस्पताल की ओर से दी जा रही सहूलियतों के बारे में जानकारी ली।

इसके बाद वह सीएमओ कार्यालय पहुंचे और उच्चाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की स्थिति पर चर्चा की। साथ ही कोरोना को लेकर इंतजामों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि झांसी के जिला अस्पताल ने काफी अच्छा काम किया है। आंख के मरीजों का बड़ी संख्या में नि:शुल्क ऑपरेशन हुआ है। अन्य मरीजों का भी अच्छा ध्यान रखा गया है लेकिन फिर भी व्यवस्थाओं को और चाकचौबंद बनाने के निर्देश दिये गये हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में जो हेल्थ वेलनेस सेंटर हैं, जहां सीएचओ की नियुक्ति की गयी है। वह सभी सेंटर समय से खुलें। संजीवनी एप के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करायी जाए। सीएचसी, पीएचसी जिला अस्पताल सभी स्तरों पर स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं मुहैया करायी जाएं। पेयजल, मरीजों के साथ तीमारदारों के लिए व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि झांसी को बुंदेलखंड को उच्च कोटि की स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश एस के साथ स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल से जुड़े आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button