थाने में महिला पुलिसकर्मी से की मारपीट, खींची चोटी..चले थप्पड़; देखिए तेजी से वायरल हो रहा ये वीडियो
ताजनगरी आगरा से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला थाने के अंदर महिला पुलिसकर्मी से मारपीट करती दिखाई देती है। दोनों के बीच हाथापाई होती है। वीडियो वायरल होने के बाद अब महिला पुलिसकर्मी और महिला दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए है।

अब जानिए पूरा मामला
यह पूरा मामला ट्रांस यमुना थाना से जुड़ा हुआ है। यहां का ही ये वीडियो है। बताया जा रहा है कि सरजू यादव नामक एक महिला ने थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस क्लोज कर दिया था। इसी बीच महिला इस मामले की जानकारी लेने के लिए थाने पहुंची।

थाने में मारपीट करने का आरोप
आरोप है कि जानकारी जुटाने आई महिला ने थाना प्रभारी से अभद्रता की और एक महिला उपनिरीक्षक से मारपीट की। दोनों के बीच हाथापाई हुई। थाने के अंदर मारपीट का ये वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने महिला के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।
‘न्याय नहीं मिला तो कर लूंगी आत्महत्या’
वहीं, दूसरी तरफ सरजू यादव ने भी एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उसने दावा किया है कि थाने में बंद करके उसे पीटा गया और कपड़े भी फाड़ दिए गए। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की है। इस वीडियो में उसने अपने चेहरे पर लगी चोट भी दिखाई है। उसने न्याय की गुहार लगाई है और कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वो आत्महत्या कर लेगी।



