डिंपल यादव ने संसद सदस्य के तौर पर ली शपथ, अखिलेश के साथ पहुंची थीं संसद भवन
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी उपचुनाव में भरी मतों से जीत हासिल करने वाली समाजवादी पार्टी (SP) की प्रत्याशी डिंपल यादव अखिलेश यादव के साथ संसद भवन पहुंचीं।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी उपचुनाव में भरी मतों से जीत हासिल करने वाली समाजवादी पार्टी (SP) की प्रत्याशी डिंपल यादव अखिलेश यादव के साथ संसद भवन पहुंचीं। यहां पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव को सांसद पद की शपथ दिलाई।

भले ही मैनपुरी लोकसभा सीट का उपचुनाव मुलायम सिंह यादव के बिना लड़ा गया लेकिन समाजवादी पार्टी ने यह चुनाव नेताजी के नाम पर लड़ा। मैनपुरी, सपा का वह गढ़ है जिसे समाजवादी पार्टी के गठन के बाद से लेकर अब तक कोई जीत नहीं कर पाया है। साल 1996 से लेकर अब तक समाजवादी पार्टी इस लोकसभा सीट पर काबिज है। मैनपुरी के वोटरों ने भी अपने नेता का सम्मान और जलवा दोनों ही बरकरार रखा। वहीं सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रत्याशी डिंपल यादव ने हर जनसभा में जनता से नेताजी को श्रद्धांजलि देने की अपील की थी।

भारतीय जनता पार्टी ने रघुराज शाक्य सहित 6 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था, वहीं समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना उम्मीदवार बनाया था। गुरुवार की सुबह 8 बजे मतगणना शुरु हुई थी। शुरुआती दौर में ही सपा की डिंपल यादव ने बढ़त बना ली जो बाद में ऐतिहासिक जीत में बदल गई। डिंपल यादव को 617625 वोट मिले, जबकि भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को 329489 वोट मिले। इस तरह डिंपल ने 288136 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया।
आपको बता दें कि डिंपल यादव इससे पहले भी 2 बार सांसद रह चुकी है। वह कन्नौज से 2012 और 2014 में भी समाजवादी पार्टी (SP) से लोकसभा सदस्य के रूप में चुनकर संसद पहुंची थी। गौरतलब है कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशी के तौर पर डिंपल यादव ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। डिंपल यादव ने 6 लाख 18 हजार से अधिक वोट जुटाकर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य को लगभग सवा 3 लाख वोटों से मात दी थी।



