टॉप न्यूज़
Trending

डा. सुभाष बालियान का एमआरआई सेन्टर सील

बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा था सेन्टर, फर्जी रिपोर्ट बनाने पर हुई कार्रवाई

पत्रकार की पत्नी की फर्जी रिपोर्ट बनाने के बाद हुआ था मामले का खुलासा

मुजफ्फरनगर। रेलवे रोड पर नटराज बिल्डिंग में चल रहे डा. सुभाष बालियान के एमआरआई सेन्टर को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम ने इस सेन्टर पर छापेमारी की थी, कई घंटे की जांच के बाद पाया गया कि यह सेन्टर एमआरआई करने के लिए रजिस्टर्ड नहीं था। टीम द्वारा यह कार्रवाई पत्रकार की पत्नी की फर्जी रिपोर्ट बनाने के बाद हुई शिकायत के बाद की है। कार्रवाई के दौरान चिकित्सक ने जांच कर रही टीम पर चिकित्सक ने दबाव बनाने का भी प्रयास किया और उनसे निपटने की धमकी दी। रेलवे रोड स्थित नटराज बिल्डिंग में डा. सुभाष बालियान द्वारा सिटी स्केन व एमआरआई सेन्टर संचालित किया जा रहा था। इस सेन्टर में फर्जी रिपोर्ट बनाने का खेल वर्षों से चला आ रहा था, जिसको लेकर इस सेन्टर पर पहले भी कई बार हंगामा भी हुआ। शनिवार को उस समय इस सेन्टर पर हंगामा हो गया था, जब मान्यता प्राप्त पत्रकार मिर्जा गुलजार बेग की पत्नी शीजा खानम की रिपोर्ट इस सेन्टर से फर्जी प्राप्त हुई थी। इस रिपोर्ट के अनुसार शीजा खानम का गर्भाशय व दायी ओवरी नार्मल थी, जबकि शीजा खानम की ओवरी दो वर्ष पहले आपरेशन कर निकाल दी गई थी। इस रिपोर्ट को गलत बताते हुए जब पीड़ित ने इसका विरोध किया था, तो इस सेन्टर पर पीड़ित के साथ दुव्र्यवहार हुआ था और उसका मोबाइल भी छीन लिया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित का मोबाइल वापिस कराया था। इस घटना के बाद मीडिया जगत में रोष फैल गया था और इस फर्जी एमआरआई सेन्टर को बंद कराने के लिए सभी पत्रकार लामबंद हो गये थे। सोमवार को पत्रकारों ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी व एसएसपी को एक ज्ञापन दिया था। जिलाधिकारी ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए तुरन्त सिटी मजिस्ट्रेट अनूप श्रीवास्तव व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रशान्त कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर मामले की जांच करने का आदेश दिया था, जिसके बाद मंगलवार को टीम रेलवे रोड स्थित नटराज होटल में चले रहे डा. सुभाष बालियान के सेन्टर पर पहुंची और सभी रिकार्ड खंगालने शुरू कर दिये, जिसमें पाया गया कि डा. सुभाष बालियान का एमआरआई सेन्टर रजिस्टर्ड नहीं है और अनाधिकृत रूप संचालित किया जा रहा है।

कैसे चलता था खेल

इस सेन्टर पर जब कोई मरीज सिटी स्केन व एमआरआई कराने के लिए जाता है, तो हाॅस्पिटल का स्टाॅफ मरीज से उसका पुराना अल्ट्रासाउंड व रिपोर्ट मांगी जाती थी और इसी रिपोर्ट के आधार पर मरीज को रिपोर्ट बनाकर दे दी जाती थी, जिसके चलते सही परिणाम सामने नहीं आ पाते थे। शीजा खानम वाले प्रकरण में भी इस हाॅस्पिटल के स्टाफ द्वारा पुरानी रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसमें शीजा द्वारा उसके पास मौजूद आॅपरेशन से पहली रिपोर्ट दे दी गई थी और इसी रिपोर्ट के आधार पर इस सेन्टर द्वारा नई रिपोर्ट तैयार कर दी गयी, परन्तु वह यह चेक नहीं कर पाये कि जिस ओवरी को वह सही दर्शा रहे हैं, वह ओवरी मौजूद ही नहीं हैं।

पत्रकारों ने दिया था 24 घंटे का अल्टीमेटम

मीडिया सेन्टर के उपाध्यक्ष मिर्जा गुलजार बेग की एमआरआई की गलत रिपोर्ट तैयार करने व उनके साथ दुव्र्यवहार करने के मामले में कार्रवाई किये जाने को लेकर मीडिया सेन्टर के अध्यक्ष अनिल राॅयल द्वारा पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है, यदि 24 घंटे में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकारों की आकस्मिक बैठक बुलाकर इस मामले में रणनीति तय की जायेगी। पत्रकारों की एक जुटता की वजह से जिलाधिकारी ने सोमवार को इस प्रकरण में एक टीम का गठन किया था, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई संभव हो पायी।

चिकित्सक ने दिखाई गुण्डई, अधिकारियों को धमकाया

चिकित्सकों द्वारा जिस समय इस सेन्टर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी, तो चिकित्सक आवेश में आ गया और उसने अधिकारियों को धमकाना शुरू कर दिया। चिकित्सक ने घटना की कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी देख लेने की धमकी दी है।

क्या कहते हैं अधिकारी

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रशान्त कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई थी कि बिना पंजीकरण के डा. सुभाष बालियान के एमआरआई सेन्टर पर एमआरआई किया जा रहा है, जिसकी जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट तथा वह यहां पहुंचे थे, जांच में पाया गया कि एमआरआई की मशीन को रजिस्टर्ड नहीं कराया गया था, जिसके चलते मशीन को सील कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button