मुजफ्फरनगर

डायरिया से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी : डॉ. अजय कुमार

मुजफ्फरनगर। शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में 50 छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें अलीना पहले, जैनब दूसरे और सना तीसरे स्थान पर रहीं, वंशिका और जोया को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। स्लोगन प्रतियोगिता में अल्फिसा पहले, इशिका दूसरे और सुहाना तीसरे स्थान पर रहीं, सादिया और दीपिका को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कहा कि डायरिया पर नियंत्रण और रोकथाम के लिए जनजागरूकता बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि शौच और बच्चों का मल साफ़ करने के बाद, भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धुलें। माताएं छह माह से ऊपर के बच्चों को स्तनपान कराती रहें और हमेशा साफ़-सुथरा पानी ही पिलाएं। छह माह से कम उम्र के बच्चों को स्तनपान के अलावा बाहरी कोई भी चीज न दें यहाँ तक कि पानी भी नहीं। इस अवस्था में बाहरी चीज देने से संक्रमण का जोखिम बना रहता है। मां के दूध में बच्चे की जरूरत के मुताबिक़ पानी की मात्रा होती है, इसलिए बाहर से पानी भी न पिलाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं सामुदायिक जागरूकता में सहायक सिद्ध हो सकती हैं। विद्यालय की शिक्षिका ऋतु जावला ने भी छात्राओं को डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं एवं अध्यापकों को बेहतर स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी दी। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) डॉ. अलका ने डायरिया के कारण और बचाव के बारे में जानकारी दी। एएनएम काजल ने बच्चों को जिंक और ओआरएस के बारे में बताया। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा त्यागी का विशेष सहयोग रहा, कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता, स्कूल स्टाफ, यूनिसेफ की डीएमसी तरन्नुम, बीएमसी शाहाना और पीएसआईं इंडिया से भारती रावत और शोभित सक्सेना उपस्थित रहे l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button