ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो की मौत एक गंभीर रूप से घायल
गोंडा ट्रक व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक की मौत हो गई है। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के किसुनदासपुर के समीप एक बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक की जेब से तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस के जरिए एक मृतक की पहचान बलरामपुर जिले के अशरफपुर गांव के रहने वाले रामसूरत के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पूरी घटना की छानबीन की जा रही है। बलरामपुर जिले के अशरफपुर गांव का रहने वाला रामसूरत अपने दो अन्य साथियों के संग बाइक पर सवार होकर नवाबगंज से मनकापुर की तरफ जा रहे थे। वह किसुनदासपुर गांव के समीप पहुंचे ही थे कि मनकापुर की तरफ से आ रहे एक लोडिंग ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक समेत बीच सड़क पर गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पक पहुंची और तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज किया जा रहा है। हालांकि उसकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष वजीरगंज चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मौके पर मिले आधार कार्ड के जरिए एक युवक की पहचान हुई। पुलिस ने उसके घर पर हादसे की सूचना दे दी है। अन्य दो की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही साथ अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।




