देश

जौनपुर में पति पत्नी के बीच हुए विवाद में पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

जौनपुर। यूपी के जौनपुर में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में रविवार रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 12 बजे हुई। मृतका की पहचान मंजू यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, रविवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी मंजू ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और खाना खाने भी बाहर नहीं आई। रात करीब 11 बजे मंजू की 14 वर्षीय बेटी नंदिनी यादव जब अपनी मां को बुलाने गई और कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने खिड़की से झांककर देखा। मंजू छत में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी पर लटकी हुई थी।

शोर मचाने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। नंदिनी ने ही अपने ननिहाल में फोन कर सूचना दी, जिसके बाद रात में ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

गांव निवासी जय हिंद यादव की शादी लगभग 15 वर्ष पूर्व आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र स्थित अस्धीरपुर निवासी मंजू यादव से हुई थी। परिजनों ने बताया कि जय हिंद यादव गांव में एक छोटी दुकान चलाता है और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।मृतका मंजू यादव के तीन बच्चे हैं, नंदिनी यादव (14), हर्ष (10) और छोटू (8) शामिल हैं।

इस मामले में सोमवार को जानकारी लेने पर गौराबादशाहपुर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। अभी तक मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है, तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button