राज्य
Trending
जीएसटी में ईडी के दखल से व्यापारियों में आक्रोश
पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने वित्तमंत्री को भेजा ज्ञापन

शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी के आपराधिक मामलों की जांच ईडी द्वारा कराए जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को ज्ञापन भेजकर इस कानून को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। जानकारी के अनुसार बुधवार को व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग के नेतृत्व में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। व्यापारियों ने केन्द्र सरकार द्वारा 8 जुलाई को नोटिफिकेशन जारी कर जीएसटी के आपराधिक मामलों की जांच ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा कराए जाने के कानून पर आक्रोश जताया तथा वित्तमंत्री से इस कानून को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। घनश्यामदास गर्ग ने कहा कि देश व प्रदेश का व्यापारी पहले से ही जीएसटी के जटिल कानूनों से परेशान है ऊपर से जीएसटी के मामलों की जांच ईडी द्वारा कराए जाने के फरमान से व्यापारियों में भय का माहौल है, ईडी द्वारा जांच में व्यापारियों का उत्पीड़न होना सुनिश्चित है। इस कानून की आड़ में जीएसटी विभाग के मामलों की जांच के बहाने ईडी व्यापारियों का उत्पीड़न करेगा। उन्होंने कहा कि देश का व्यापारी जीएसटी के माध्यम से ईमानदारी से करोड़ों रुपए संग्रह कर हर माह सरकार के खजाने भर रहा है ऐसे में व्यापारी के ऊपर ईडी या परिवर्तन विभाग की जांच थोप कर व्यापारी के साथ अन्याय होगा इसलिए सरकार को इस कानून को वापस लेना चाहिए। इस मौके पर सुभाष चंद्र धीमान, सूर्यवीर सिंह, राजेश सिंघल, राजेश जैन, नरेंद्र अग्रवाल, महेश धीमान, आशू पुरी, अमित गर्ग, वैभव गोयल, शिवाक गर्ग, मनोज मित्तल, एडवोकेट ऋषभ जैन, पवन गोयल आदि भी मौजूद रहे।



