देश

चित्तौड़गढ़ में स्थित केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, दहल उठा पूरा इलाका

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र में मेहरून इंडस्ट्री केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि करीब 5 किलोमीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी और आसपास का क्षेत्र दहल उठा। धमाके के साथ ही फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का विशाल गुबार उठने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग भड़क उठी और केमिकल की तीखी दुर्गंध से आसपास के लोग परेशान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर अध्यक्ष राज विजयवर्गीय एवं विकास बारेगामा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को मौके पर रवाना किया। वहीं विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने तुरंत जिला कलेक्टर को घटना से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, डीवाईएसपी हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं, चित्तौड़गढ़ से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड भी बुलाई गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस व प्रशासन मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। केमिकल के प्रभाव को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और कार्मिकों को सतर्कता एवं बचाव के निर्देश दिए गए हैं। घटना के बाद पूरे कपासन क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि केमिकल फैक्ट्री में धमाके की सूचना मिलते ही उच्च स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। धमाके के कारणों की जांच की जा रही है तथा आसपास संचालित अन्य फैक्ट्रियों की भी जानकारी ली जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button