ग्राम सभा सदस्यों का विरोध देख ग्राम प्रधान ने बैठक आयोजित कर मांगा सहयोग
पेयजल और सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द की जायेगी दुरुस्त

बिहारीगढ़। मुजफ्फराबाद ब्लॉक क्षेत्र की ग्रामसभा थापुल इस्माईलपुर आबादी के हिसाब से सबसे बड़ी ग्राम पंचायत कहलाती है लेकिन पिछले एक साल से इस ग्राम पंचायत में किसी भी तरह का कोई विकास कार्य होता दिखाई नहीं दिया। इस बात से सभी ग्राम सभा सदस्य प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहे थे। इस बात की भनक प्रधान को लगी तो उसने आज मंगलवार को पंचायत भवन में सभी सदस्यों को बुलाकर मनमुटाव दूर करने के अलावा भरोसा दिया कि पेयजल, सफाई व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाऐं जल्दी ही उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राम सभा प्रधान थापुल इस्माईलपुर बाबूराम के एक वर्ष के कार्यकाल में अधिकतर ग्राम सभा सदस्य नाराज दिखाई दे रहे हैं। इन ग्राम सभा सदस्यों का कहना है कि ग्राम सभा प्रधान किसी भी विकास कार्य की बाबत सदस्यों की मांग पर नाक सिकोड़ने लगता है। ग्रामीण एवं मौहल्लेवासी समस्याओं के लिए वार्ड मेंबर को खरी खोटी सुनाते हैं। अनेक बार ग्राम प्रधान से मांग करने के बाद भी ग्राम पंचायत के किसी भी गांव में विकास कार्य नहीं हुए लाचार होकर एक दर्जन ग्राम सभा सदस्यों ने प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति शुरू की जिसकी भनक लगते ही प्रधान बाबूराम ने मंगलवार को सभी सदस्यों को पंचायत भवन बिहारीगढ़ में बुलाया तथा पंचायत सचिव जितेंद्र चौधरी की मौजूदगी में भरोसा दिया कि सबसे पहले पेयजल की समस्या तथा नालियों की सफाई का कार्य प्राथमिकता के तौर पर शुरू किया जाएगा। बैठक में मौजूद पंचायत सदस्य अंकित चौहान ने गुरुद्वारा परिसर के बाहर खराब पड़े हैंडपम्प तथा किशनगढ़ कॉलोनी के गन्दे पानी की निकासी के संबंध में हो रही परेशानियों को रखा, इसके अलावा अर्जुन सिंह, सोनी कुमार, बबला सिंह आदि ने कहा कि नालियों का रख-रखाव बेहद खराब है नया निर्माण कराया जाऐ। गांव में लगाई गई लाइटे भी बंद है राशन डीलर मुफ्त खाद्य तेल का वितरण सही नहीं कर रहा। पंचायत द्वारा रखे गए सफाई कर्मी बाजार में दुकानदारों से अवैध उगाही करते हैं। पंचायत की दुकानों का किराया बढ़ाया जाऐ, श्मशान घाट का सौन्दर्यकरण हो आदि अनेक समस्याओं को प्रधान के समक्ष रखा गया। ग्राम सभा प्रधान बाबूराम ने पंचायत सदस्यों से आग्रह किया कि मनमुटाव दूर कर कार्य करेंगे। पंचायत की बैठक में मुख्य रूप से अंकित चौहान, राकेश कुमार, बबला सिंह, राव नावेज अली, विश्वदीप सैनी, इंतजार अली, सोनी कुमार, अरविंद कुमार, बाबूराम, अनिल कुमार आदि कई अन्य ग्रामीण मौजूद थे।




