गाजीपुर में गरीब घर-परिवारों को उजाड़ा जाना बेहद निंदनीय, योगी सरकार पर बिफरे अखिलेश यादव

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरते हुए अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की बात की। अखिलेश ने बिना नोटिस दिए सीधा बुलडोजर एक्शन लेने पर सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि भाजपाइयों की जमीन की भूख अनंत है।
भाजपा को दुख देकर ही सुख मिलता है: अखिलेश
उन्होंने आगे लिखा कि हम अपने उन सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हैं, जो संकट की इस घड़ी में विस्थापितों के लिए राहत-सहायता की व्यवस्था में लगे हैं। सपा मुखिया ने लिखा कि अभी घर उजड़ने पर अपनी किताब बचाकर भागती बच्ची की तस्वीर धूमिल भी नहीं हुई थी कि कुछ और नई तस्वीरें आ गई हैं, जहां जमींदोज घरों के आगे आंखों में नमी लिए हुए बेसहारा लोग खड़े हैं। भाजपा को दुख देकर ही सुख मिलता है।

नायब तहसीलदार ने बताया दे चुके हैं नोटिस
ज्ञात हो कि गाजीपुर में रक्षा संपदा विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। उन्होंने विभाग की जमीनों से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। रक्षा संपदा विभाग के अधिकारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। नायब तहसीलदार ने बताया कि रक्षा संपदा विभाग ने बताया है कि वह इन लोगों को कई बार नोटिस दे चुके हैं, लेकिन वह अपना अतिक्रमण नहीं हटा रहे तभी यह कार्यवाही की गई है। अभी इसमें कितने लोगों पर कार्यवाही हुई है, यह देखा जा रहा है।




