खाना पकाना फिर हुआ महंगा; आम आदमी पर पड़ी महंगाई की मार
घरेलू गैस सिलेंडरों के दाम में शनिवार को 50 रुपए का इजाफा हुआ है।

नई दिल्ली। घरेलू गैस सिलेंडरों के दाम में शनिवार को 50 रुपए का इजाफा हुआ है। इसके बाद दिल्ली में नई कीमत 999.50 रुपए हो गई है। हालांकि, कॉमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में कोई इजाफा नहीं हुआ है।

दिल्ली में 1 मई 2021 को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 809 रुपए थी, जो अब 999.50 रुपए पर पहुंच गई है। यानी बीते एक साल में घरेलू गैस सिलेंडर कीमत 130.50 बढ़ी है। वहीं इस पर मिलने वाली सब्सिडी भी खत्म कर दी गई है।

पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने के बाद तेल कंपनियों ने 22 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए का इजाफा किया था। इससे बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 14.2 किलो का बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 1 हजार रुपए के ऊपर निकल गया था।
पिछले 8 सालों में घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत दोगुनी होकर 999.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। 1 मार्च 2014 को 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 410.5 रुपए थी जो अब 999.50 रुपए है।



