क्षय रोगी नियमित दवा का सेवन करते रहें : डीटीओ

मेरठ। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (यूपीएचसी) साबुन गोदाम पर सोमवार को भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने पांच क्षय रोगियों को गोद लेकर उनको पोषाहार प्रदान किया। इस मौके पर क्षय रोग विभाग के कर्मचारी स्टाफ और चिकित्सकों के अलावा भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
क्षय रोगियों को संबोधित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. गुलशन राय ने कहा – पोषाहार के साथ ही क्षय रोगी नियमित रूप से दवा खाते रहें। ऐसा करने से क्षय रोगी पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। किसी रोगी ने यदि बीच में दवा छोड़ दी तो उपचार नए सिरे से शुरू करना पड़ेगा। सभी अपने परिजनों की हर माह टीबी जांच अवश्य कराएं, ताकि टीबी होने की स्थिति में उनका तत्काल उपचार शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा-मरीज के खांसने और छींकने से निकलने वाली बूंदों के सम्पर्क में आने से फेफड़ों की टीबी फैलती है। इसलिए उनके परिवार वालों को भी टीबी होने का खतरा रहता है। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, इसलिए क्षय रोगियों के परिवार के बच्चों को प्रीवेंटिव दवा दी जाती है। उन्होंने कहा-सभी क्षय रोगी अपने परिवार के बच्चों के नाम भी क्षय रोग विभाग में दर्ज कराएं ताकि उन्हें प्रीवेंटिव दवा उपलब्ध कराई जा सके।
डीटीओ ने कहा- सभी रोगी दवा प्राप्त करने वाले स्थान पर ही अपने बैंक खाते की पासबुक की कॉपी अवश्य जमा कराएं। ऐसा करने से सरकार की ओर से बेहतर पोषण (निक्षय पोषण योजना के तहत) के लिए दी जाने वाली राशि उनके खाते में पहुंचनी शुरू हो जाएगी। निक्षय पोषण योजना के तहत उपचार जारी रहने तक क्षय रोगी के खाते में हर माह पांच सौ रुपए की राशि भेजी जाती है।
कार्यक्रम में टीबी एचबी राहुल शर्मा ,पुष्पेन्द्र यादव एवं यूपीएचसी साबुन गोदाम के कर्मचारी मौजूद रहे। जिला पीपीएम समन्वयक शबाना बेगम ने क्षय रोगियों को बताया- सभी अपने परिजनों की जांच कराने के लिए कंटेनर ले जाएं और स्पुटम बलगम का नमूना अपने नजदीकी जांच केंद्र पर पहुंचा दें। जांच का कोई शुल्क नहीं देना है।
खुशबू पब्लिक स्कूल में चलाया टीबी जागरूकता अभियान
हापुड़ रोड स्थित जमुना नगर में खुशबू पब्लिक स्कूल में टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पीपीएम कोऑर्डिनेटर शबाना बेगम ने स्कूली बच्चों को टीबी के प्रति जागरूक करते हुए टीबी के लक्षणों व उनके बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में बच्चों को समय पर सुबह का नाश्ता खाना खाने की सलाह दी गयी। इससे शरीर फिट रहता है। यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति की जांच में टीबी निकलती है तो उसके उपचार का प्रावधान है। देश तभी टीबी मुक्त होगा जब हम सभी टीबी के प्रति जागरूक रहेंगे। इस मौके पर प्रधानाचार्य खुर्शिदा व स्टाफ का सहयोग रहा।




