देश

कैथल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म,शहर वासियों ने ली राहत की सांस

कैथल। कैथल नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन समाप्त हो गई। गुरुवार से कर्मचारी सामान्य की भांति काम करेंगे। आज सुबह से कार्यालय के तीनों गेट बंद रहे, कई शाखाओं में ताले लटके रहे और शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, हाउस टैक्स, आधार अपडेट जैसी सेवाएं बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हड़ताल के दबाव के बीच दोपहर 12 बजे नगर परिषद कार्यालय में प्रशासन और कर्मचारी संघ के बीच बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उप-प्रधान सीना देवी और प्रधान प्रतिनिधि सुमित गर्ग ने की। इसमें नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की ब्लॉक कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि कर्मचारी संघ ने 23 दिसंबर को मांगों को लेकर नगर परिषद प्रशासन को नोटिस दिया था। मुख्य मुद्दा एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 160–165 सफाई कर्मचारियों का टेंडर और उन्हें हटाए जाने का था। लंबी चर्चा के बाद इस पर सहमति बनी कि मौजूदा टेंडर समाप्त होने के बाद 1 जनवरी 2026 से एक माह की अस्थायी अवधि के लिए कर्मचारियों का कार्य जारी रखा जाएगा। इस पर जिला नगर आयुक्त और नगर परिषद स्तर पर सहमति बनी है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि इस अवधि में जीआईएस मैपिंग करवाई जाएगी और सरकार के नियमों के अनुसार नया टेंडर तैयार कर निदेशालय, पंचकूला को भेजा जाएगा। यदि एक माह के भीतर टेंडर को स्वीकृति नहीं मिलती है, तो जिला नगर आयुक्त के माध्यम से निदेशालय को तीन माह की एक्सटेंशन का प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्रशासन और पार्षदों ने भरोसा दिलाया कि इस प्रक्रिया में कर्मचारियों के कार्य में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

समझौते के बाद दोपहर में हड़ताल समाप्त कर दी गई और कर्मचारी काम पर लौट आए। कर्मचारी संघ ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि प्रशासन के फैसले से कर्मचारियों को राहत मिली है और सफाई व्यवस्था अब सामान्य होगी। वहीं प्रशासन ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों के तहत ही कार्रवाई की जाएगी, लेकिन फिलहाल समाधान से शहरवासियों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button