कासगंज में रूह कंपा देने वाली वारदात: एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत, कमरे में बिछ गई लाशें

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद स्थित अमांपुर कस्बे में शनिवार को एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। एटा रोड पर एक किराये के मकान में रहने वाले वेल्डिंग मिस्त्री सत्यवीर सिंह, उनकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के शव घर के भीतर मिलने से इलाके में कोहराम मच गया।

बिस्तर पर मिले मासूम, फंदे पर लटका मिला जोड़ा घटना का खुलासा तब हुआ जब एक ग्राहक सत्यवीर की वेल्डिंग की दुकान बंद पाकर उनके घर पहुंचा। अंदर का दृश्य खौफनाक था; सत्यवीर (50) और उनकी पत्नी शीला (48) के शव फंदे से लटके हुए थे, जबकि उनकी दो बेटियों आकांक्षा (12), प्राची (10) और बेटे ग्रीश (8) के शव बिस्तर पर निर्जीव पड़े थे। सूचना मिलते ही डीआईजी अलीगढ़ प्रभाकर चौधरी और पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

आर्थिक तंगी और गृह क्लेश की आशंका मृतक के साले मदन लाल ने बताया कि सत्यवीर पिछले 20 साल से यहाँ रहकर दुकान चला रहे थे। जमीन के हिस्से को लेकर परिवार में अनबन और गंभीर आर्थिक तंगी को इस आत्मघाती कदम के पीछे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
तीन दिन पुराने हैं शव डीआईजी प्रभाकर चौधरी के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराने प्रतीत होते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि सत्यवीर ने पहले अपने बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत की नींद सुलाया और फिर पत्नी के साथ सामूहिक आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



