कानपुर में कारोबारी के बेटे की लेम्बोर्गिनी से हादसा, 6 से अधिक लोग घायल

कानपुर। ग्वाल टोली थाना क्षेत्र में तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा की लेम्बोर्गिनी कार ने मंगलवार को 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुलेट सवार 10 फीट दूर हवा में उछलकर गिर गया, जबकि कार उसके ऊपर चढ़ गई।

घटना दोपहर लगभग 3:15 बजे VIP रोड के पास हुई, जब शिवम मिश्रा तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों सहित कई लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। कारोबारी के बेटे के बाउंसरों ने भीड़ को भगाने की कोशिश की और हंगामा किया।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व उद्योगपति के बेटे को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। थाने में भी घायलों से बाउंसरों ने अभद्रता की, जिससे थाने में भी हंगामा हो गया।
घायलों में एक युवक के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। पीड़ित सोनू त्रिपाठी ने बताया कि वे और उनके मामा का बेटा विशाल बुलेट पर खड़े थे, तभी लेम्बोर्गिनी ने पहले ऑटो को टक्कर मारी और फिर उनकी बुलेट को कुचल दिया। टक्कर के कारण विशाल और अन्य दो युवक भी दूर जा गिरे।
शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा की कंपनी बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कानपुर की प्रमुख तंबाकू सप्लायर कंपनियों में शामिल है। दो साल पहले इस कंपनी के हेड ऑफिस पर आयकर विभाग की छापेमारी में 100 करोड़ से अधिक की लग्जरी कारें और टैक्स चोरी के मामले सामने आए थे।
हादसे के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों का इलाज जारी है।



