कांग्रेस ने चार दशक तक फौजी परिवारों को वन रैंक वन पेंशन के लिए तरसाया- PM Modi
हिमाचल प्रदेश के शिमला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “आपने कांग्रेस का दौर देखा है, जब एक कमजोर सरकार देश में हुआ करती थी। उस समय पाकिस्तान हमारे सिर पर चढ़कर नाचता था। कांग्रेस की कमजोर सरकार दुनिया में गुहार लगाती फिरती थी। लेकिन अब भारत दुनिया के सामने भीख नहीं मागेंगा। भारत अपनी लड़ाई लड़ेगा। और फिर भारत ने घर में घुसकर मारा। आज देखिए पाकिस्तान की क्या हालत हो गई है। हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों ने मुझे अपना हौसला बुलंद रखना सिखाया है और हिमाचल की बर्फीली पहाड़ियों ने मुझे ठंडे दिमाग से काम करना भी सिखाया है। हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों ने मुझे अपना सिर गर्व से ऊंचा रखना सिखाया है। मैं मां भारती का अपमान नहीं सह सकता। लेकिन कांग्रेस, मां भारती के अपमान से भी बाज नहीं आती। कांग्रेस को ‘भारत माता की जय’ कहने से दिक्कत है, कांग्रेस को ‘वंदे मातरम’ कहने से दिक्कत है। ऐसी कांग्रेस कभी हिमाचल का भला नहीं कर सकती।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “यही कांग्रेस है जिसने भारत के सीमावर्ती इलाकों को अपने हाल पर छोड़ दिया था। जब बॉर्डर स्टेट में सड़क बनाने की बात आती थी तो कांग्रेस के हाथ-पांव फूल जाते थे। कांग्रेस डर जाती थी कि अगर सड़क बनाई तो उसी सड़क से दुश्मन भीतर आ जाएगा। ऐसी डरपोक सोच मोदी के मिजाज के साथ मेल नहीं खाती। मोदी ने कांग्रेस के मुकाबले कहीं ज्यादा पैसे दिए, मोदी ने कहा सड़कें बनाओ, इन्फ्रास्ट्रक्चर करो, आज बॉर्डर किनारे सैकड़ों किलोमीटर नई सड़कें बनी। आज बॉर्डर किनारे रहने वाले फौजियों का जीवन आसान हुआ है।”




