देश

‘कमला पसंद’ के मालिक की बहू ने किया सुसाइड, पति पर परिजनों का गंभीर आरोप; सुसाइड नोट की जाँच जारी

दिल्ली। मशहूर पान मसाला ब्रांड ‘कमला पसंद’ से जुड़े उद्योगपति कमल किशोर चौरसिया के परिवार में बड़ा दुःख सामने आया है। उनकी बहू दीप्ति चौरसिया ने दिल्ली स्थित वसंत विहार के आवास पर फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से उद्योग जगत और परिवार में हड़कंप मच गया है।

 

चर्चा में पति की दूसरी शादी

दीप्ति चौरसिया का विवाह साल 2010 में कमल किशोर के बेटे हरप्रीत चौरसिया से हुआ था। उनके वैवाहिक जीवन से 14 साल का एक बेटा भी है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दीप्ति के पति हरप्रीत ने कथित तौर पर दो शादियां की हैं, और उनकी दूसरी पत्नी दक्षिण भारत की एक अभिनेत्री बताई जाती हैं।

 

परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी सामग्री को पुलिस ने गोपनीय रखा है। हालाँकि, मृतक दीप्ति के परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए दीप्ति के पति और ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है।

 

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर संज्ञान लिया है और अब सुसाइड नोट तथा परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि क्या पारिवारिक विवाद या किसी अन्य कारण से दीप्ति ने यह कदम उठाया।

 

कानपुर से शुरू हुआ था अरबों का कारोबार

कमला पसंद ब्रांड की शुरुआत कानपुर के फीलखाना मोहल्ले में कमला कांत चौरसिया ने करीब चार दशक पहले एक गुमटी से की थी। आज यह ‘केपी ग्रुप’ के नाम से अरबों रुपये का टर्नओवर रखने वाला देश का एक प्रमुख पान मसाला ब्रांड है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button