कन्हैयालाल हत्याकांड पर नरेश टिकैत का बडा बयान, बोले आरोपियों को सरेआम…
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने मीडिया से बात करते हुए उदयपुर के कन्हैया लाल हत्याकांड की घोर निन्दा की और साथ ही इस कांड के आरोपियों को सरेआम फांसी दिए जाने की मांग की है.
मुजफ्फरनगर। कन्हैया लाल हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन के बीच भारतीय किसान यूनियन की ओर से एक बड़ा बयान सामने आया है. बीकेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कन्हैया लाल हत्याकांड की निंदा करते हुए आरोपियों को सरेआम फांसी दिए जाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि चेलेंज करते हुए हत्या कर दी गई जो बेहद खतरनाक मंसूबों को दर्शाती है. क्रूरता को बयां करती है.

यहां नगर स्थित कचहरी पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने मीडिया से बात करते हुए उदयपुर के कन्हैया लाल हत्याकांड की घोर निन्दा की और साथ ही इस कांड के आरोपियों को सरेआम फांसी दिए जाने की मांग की है. नरेश टिकैत ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई में देरी हुई तो कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह जाएगी. जिस आदमी ने चैलेंज कर के हत्या कर दी उसे तो फांसी पर लटकाना चाहिए. सरेआम फांसी की सजा होनी चाहिए, क्योंकि इस घटना में क्रूरता की सारी हदें पार की गईं हैं.

नरेश टिकैत ने कहा कि हमारे भी मुद्दे किसानों के मुद्दे हैं. किसानों को सुविधा हो हमारे तो इस तरह के मुद्दे हैं. हमने कभी भी हिंसा में विश्वास नहीं करा न कभी कुछ ऐसी बात की है. हिंसा तो बहुत ही गलत है. जनता की भी बहुत जिम्मेदारी है ऐसी बात नहीं है. माहौल बिगाड़ने में तो सबका ही सहयोग है. सरकार कब तक सुधार करेगी. सुधार करने में सबका सहयोग चाहिए. जो देश का माहौल खराब हो रहा है उसे सुधारने में सभी का सहयोग जरूरी है.

