एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने लड़की को गोली मारने के बाद खुद को मारी गोली, प्रेमी की मौत लड़की गंभीर रूप से घायल

जिले के इग्लाश थाना क्षेत्र के बिदरका गांव में शनिवार को एक सिरफिरे आशिक के द्वारा अपनी प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारने का मामला सामने आया है। इस घटना में प्रेमी की मौके पर मौत हो गई। वहीं गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुई प्रेमिका को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका इलाज जारी है। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।

पीड़िता की मां ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है कि उन्हीं के गांव का रहने वाला अजीत नाम का युवक मेरी लड़की से एकतरफा प्रेम करता था। वह अचानक कल शाम को हमारे घर आया और मेरी लड़की को गोली मार दी। इसके बाद में उसने खुद को भी गोली मार ली। वह लंबे समय से यह मेरी लड़की को परेशान कर रहा था।

वहीं घटना के बाद मृतक अजीत के भाई रणधीर का कहना कि उस लड़की का मकान और हमारा मकान बराबर में है। उसके घर के और हमारे घर के बराबर में एक चौक है। मेरा भाई उस चौक पर जाकर खड़ा हो गया था। जिस वक्त यह घटना घटी उस समय हम खेत की तरफ से आ रहे थे। लड़की के ताऊ ने मेरे भाई को गोली मार दी जिससे मेरे भाई की मौत हो गई। जिसके बाद बचने के लिए लड़की के परिवार वालों ने क्रॉस केस बढ़ाने के लिए लड़की के पैर में चाकू मारा या गोली मारी है। वहीं अजीत के सिर में गोली मारा गया जिससे उसकी मौत हो गई। इन दोनों के बीच में प्रेम संबंध था। जिसको लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच में विवाद हो गया था। जिसमें फैसला हो चुका था।



