राजनीति

उन्हें गंभीरता से लेने की कोई जरूरत नहीं, राहुल गांधी और जयराम रमेश को लेकर ऐसा क्यों बोले संबित पात्रा

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश के ट्वीट पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जयराम रमेश और राहुल गांधी हमेशा पीएम मोदी पर हमला करने के नाम पर भारत को कठघरे में खड़ा करने की जल्दी में रहते हैं। उन्होंने जी7 के बारे में भी यही बातें कही थीं। लेकिन वे इस बारे में अपना चेहरा कहां छिपाएंगे? उन्हें गंभीरता से लेने की कोई जरूरत नहीं है। आज भारत वैश्विक मंच पर बहुत ऊंचे स्थान पर है।

कांग्रेस ने अमेरिका के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी द्वारा पाकिस्तान को आतंकवाद विरोधी दुनिया में बेहतरीन साझेदार बताए जाने पर बुधवार को कहा कि आखिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस बारे में क्या कहना है और क्या यह कूटनीतिक झटका नहीं है। मुख्य विपक्षी दल ने एक खबर का भी हवाला दिया जिसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल सैयद आसिम मुनीर अमेरिकी सेना दिवस समारोह के लिए वाशिंगटन डीसी का दौरा करने वाले हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मुनीर का दौरा भारत के लिए एक और बड़ा कूटनीतिक झटका है। अमेरिका की केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला ने कहा है कि उनके देश को पाकिस्तान और भारत दोनों के साथ संबंध रखने होंगे। उन्होंने कहा, पाकिस्तान इस समय आतंकवाद विरोधी लड़ाई में सक्रिय है और वह आतंकवाद विरोधी दुनिया में एक बेहतरीन साझेदार रहा है। उनकी टिप्पणी का हवाला देते हुए रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, अभी अमेरिकी केंद्रीय कमान के प्रमुख ने पाकिस्तान को आतंकवाद विरोधी अभियान में एक शानदार साझेदार बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button